एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय में पाँच दिवसीय मशरूम तकनीक के पोस्टर,कार्यक्रम का विमोचन

श्रीनगर (गढ़वाल): 4 नवम्बर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित किए जाने वाले पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम “मशरूम तकनीक: सतत आजीविका सृजन हेतु मशरूम उत्पादन, स्पॉन निर्माण, मूल्य संवर्धन एवं कृषि उद्यमिता” का विमोचन आज विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. श्री प्रकाश सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं कृषि एवं संबद्ध विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. राजेंद्र सिंह नेगी, छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू) प्रो. ओमप्रकाश गुसाईं, अधिष्ठाता (भर्ती एवं पदोन्नति) प्रो. मोहन सिंह पंवार, बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो. हरभजन सिंह चौहान, मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार तथा टिहरी परिसर (बादशाहीथौल) के निदेशक प्रो. ए.ए. बौराई एवं DACE के समन्वयक प्रो. एम.एम. सेमवाल उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम के सह-संरक्षक डॉ. संतोष सिंह, आयोजन सचिव डॉ. अंकित सती, मॉडरेटर डॉ. आर.सी. नौटियाल एवं डॉ. ऋषिका नेगी तथा ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग के शोधार्थी प्रणव सिंह सहित अन्य सदस्य भी विमोचन समारोह में उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि यह पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को ऑयस्टर मशरूम की वैज्ञानिक उत्पादन तकनीक, स्पॉन (बीज) निर्माण, मशरूम के मूल्य संवर्धन तथा कृषि उद्यमिता से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य मशरूम आधारित स्वरोजगार एवं कृषि उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में सतत आजीविका के नए अवसर विकसित करना है।

