भारी बारिश से थराली क्षेत्र की कई सड़कें बाधित, दोपहर बाद बहाल हुआ यातायात

थराली, 20 जुलाई (हरेन्द्र)। रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक हुई भारी बारिश का असर थराली क्षेत्र की सड़क और पेयजल व्यवस्था पर पड़ा। कई स्थानों पर भूस्खलन, मलबा और पेड़ गिरने से प्रमुख मोटर मार्ग अवरुद्ध हो गए, जिससे सामान्य यातायात प्रभावित रहा। अधिकांश मार्गों को लोक निर्माण विभाग ने मशीनों की सहायता से सोमवार दोपहर बाद यातायात के लिए खोल दिया।
लोक निर्माण विभाग थराली के सहायक अभियंता जे.के. टम्टा ने बताया कि राज्य मार्ग संख्या-90 (थराली-देवाल-मंदोली-वांण मोटर मार्ग) पर राड़ीबगड़ (किमी-3), गमलीगाड़ (किमी-18), ल्वाणी (किमी-26) और मंदोली (किमी-32) के पास मलबा और पेड़ गिरने से सड़क बंद हो गई थी। विभाग ने जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को दोपहर बाद यातायात के लिए सुचारु कर दिया।
इसके अलावा देवाल-सुयालकोट-खेता मोटर मार्ग पर किमी-16 (सुयालकोट) और किमी-18 पर भूस्खलन होने से यातायात बाधित रहा। वहीं, थराली-कुराड़-पार्था मोटर मार्ग भी किमी-2 और किमी-4 पर मलबा आने के कारण बंद हो गया। नारायणबगड़ विकासखंड के अंतर्गत किमोली-भटियाणा क्षेत्र की सड़कें भी बारिश से प्रभावित रहीं।
भारी वर्षा के चलते कई स्थानों पर पेयजल पाइपलाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे अनेक गांवों में जलापूर्ति बाधित हो गई है। जल संस्थान और जल निगम की टीमें क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की मरम्मत कर जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने में जुटी हैं।
