एसआईआर अभियान में पात्र मतदाताओं की सहायता करेगा जमीयत उलेमा-ए-हिंद
देहरादून, 5 अगस्त। जमीयत उलेमा-ए-हिंद, देहरादून शाखा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान पात्र मतदाताओं को जागरूक करने और आवश्यक प्रक्रिया में सहयोग देने का निर्णय लिया है। संगठन बूथ स्तर पर स्वयंसेवकों की तैनाती करेगा, जो निर्वाचन विभाग की ओर से जारी नोटिसों के निस्तारण और आवश्यक दस्तावेज जमा कराने में मतदाताओं की सहायता करेंगे।
यह निर्णय बुधवार को सईदिया मस्जिद, नूर एन्क्लेव, आजाद कॉलोनी में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मौलाना अब्दुल मन्नान कासमी ने की।
बैठक के बाद प्रदेश प्रवक्ता मोहम्मद शाह नज़र ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जिन मतदाताओं को निर्वाचन विभाग की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें निर्धारित समय के भीतर उसका जवाब देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रयास रहेगा कि जानकारी के अभाव या प्रक्रिया संबंधी कठिनाइयों के कारण कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार की नमाज के दौरान शहर की विभिन्न मस्जिदों से इस संबंध में घोषणा की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की जाएगी कि नोटिस मिलने पर वे अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के समक्ष समय पर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें। यदि किसी मतदाता को प्रक्रिया समझने या दस्तावेज जमा करने में कठिनाई आती है तो संगठन के स्वयंसेवक सहयोग करेंगे।
बैठक में बूथ स्तर पर जागरूकता शिविर लगाने का भी निर्णय लिया गया। इन शिविरों में मतदाताओं को नोटिस के जवाब की प्रक्रिया समझाई जाएगी तथा स्वयंसेवक बीएलओ के साथ समन्वय कर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएंगे।
मौलाना अब्दुल मन्नान कासमी ने कहा कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित मतदाताओं से समय पर आवश्यक दस्तावेज जमा कराने की अपील की।
बैठक में सामाजिक सुधार से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि रबीउल अव्वल के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में सीरतुन्नबी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा नशाखोरी, दहेज प्रथा, मोबाइल की बढ़ती लत और शादियों में फिजूलखर्ची जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में मजलिस तहफ्फुज खत्मे नुबुव्वत के अध्यक्ष मुफ्ती वासिल कासमी, शहर अध्यक्ष मुफ्ती अयाज अहमद, उपाध्यक्ष मौलाना रागिब मजाहिरी, नगर महासचिव मुफ्ती रागिब कासमी, जिला कोषाध्यक्ष मास्टर अब्दुल सत्तार, मौलाना हुसैन, जामा मस्जिद धामावाला के इमाम मुफ्ती हुजैफा कासमी, जिला उपाध्यक्ष मुफ्ती रशीद मिफताही, मौलाना मुतय्यब, मुफ्ती नसीम अहमद, मौलाना मोहम्मद महताब, कारी फाइक अहमद, जमीयत मीम के जिला महासचिव मौलाना गुलशेर कासमी, मौलाना एजाज कासमी, कारी नासिर राणा, मौलाना नफीस, हाजी शमशाद, कारी अब्दुस समद, कारी अबू बकर, मौलाना जाकिर, कारी मुकीम, कारी मुंतज़िर, कारी वसीम अहमद, तौसीफ खान, मौलाना सोबान कासमी, मौलाना जुबैर, मौलाना शुएब कासमी, मौलाना नवाज, कारी फरहान, मोहम्मद इकराम, कारी फरमान, नासिर अली, साजिद मलिक, कारी गुलफाम सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

