क्षेत्रीय समाचार

किसान आईडी बनाने के लिए सेम, साकरी, त्रिशूला और पाडुली में कृषि विभाग के विशेष कैंप

पोखरी, 19 मई (राणा)। ग्रामीण काश्तकारों को कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विकासखंड पोखरी के ग्राम पंचायत त्रिशूला, सेम, साकरी और पाडुली में कृषि विभाग द्वारा विशेष कैंप आयोजित किए गए। कैंप में 100 से अधिक किसानों की किसान आईडी बनाई गई।
ब्लॉक कृषि अधिकारी राजेश चमियाल के नेतृत्व में आयोजित इन कैंपों में ग्रामीण काश्तकारों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। विभागीय कर्मचारियों ने किसानों का पंजीकरण कर उनकी किसान आईडी तैयार की, ताकि उन्हें भविष्य में विभागीय योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।


ब्लॉक कृषि अधिकारी राजेश चमियाल ने बताया कि कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के लिए किसान आईडी बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कैंप विकासखंड के अन्य गांवों में भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक काश्तकार विभागीय योजनाओं से जुड़ सकें।
उन्होंने बताया कि सोमवार को आयोजित कैंपों में 100 से अधिक ग्रामीण काश्तकारों की किसान आईडी बनाई गई।
इस अवसर पर त्रिशूला के प्रधान विक्रम सिंह, नैल ऐठा के प्रधान जगदीश सिंह, सेम-साकरी की प्रधान सरोजनी देवी, सहायक कृषि अधिकारी रवीन्द्र चौहान, गौरी शंकर, बीटीएम अनिल नेगी, दिगम्बर सिंह, दिनेश सिंह, महावीर रावत, लक्ष्मण सिंह, बालम सिंह, हरेंद्र सिंह सहित विभागीय कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण काश्तकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!