दयारा बुग्याल ट्रेक पर लापता महिला ट्रेकर की तलाश जारी
एनडीआरएफ-एसडीआरएफ समेत कई एजेंसियां जुटीं

उत्तरकाशी, 31 मई (सूवि)। भटवाड़ी तहसील अंतर्गत दयारा बुग्याल ट्रेक मार्ग पर एक महिला ट्रेकर के लापता होने की सूचना के बाद जिला प्रशासन ने व्यापक खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में विभिन्न विभागों और एजेंसियों की टीमें लगातार अभियान में जुटी हुई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन सदस्यीय ट्रेकर दल 29 मई को दयारा बुग्याल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। 30 मई को दल की एक सदस्य, लगभग 30 वर्षीय बबीता पाण्डेय, के लापता होने की सूचना मिली। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने संबंधित विभागों को सतर्क किया तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर आपातकालीन परिचालन केंद्र, पुलिस, राजस्व विभाग, वन विभाग, एसडीआरएफ एवं अन्य संबंधित एजेंसियों ने संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान प्रारम्भ कर दिया।
रविवार को अभियान को और तेज करते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवानों, डॉग स्क्वॉड, ड्रोन ऑपरेटर टीम तथा आपदा प्रबंधन विभाग की टीमों को मौके पर तैनात किया गया। इसके अलावा वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की अतिरिक्त टीमों को भी खोज अभियान में लगाया गया है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाए तथा उपलब्ध सभी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए लापता महिला ट्रेकर का सुरक्षित पता लगाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।
जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से खोज एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
