Front Page

कड़ाके की ठण्ड लेकर आ गया दिसम्बर, वर्षा और बर्फबारी से शुरुआत

 

देहरादून, 1 दिसम्बर (उ.हि.)। उत्तराखण्ड में साल 2021 के अंतिम महीने दिसम्बर की शुरुआत भारी वर्षा और हिमपात के साथ कड़ाके की ठण्ड से होने जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 2 दिसम्बर को कहीं-कहीं भारी वर्षा और कहीं भारी हिमपात होने के आसार प्रबल हैं। जबकि 3 और 4 दिसम्बर को कोई वर्षा नहीं दिखाई गयी है। लेकिन इसके बाद इस पहाड़ी राज्य में शीत लहर से भी जनजीवन प्रभावित हो सकता है। पिछले 24 घण्टों में प्रदेश में सबसे अधिक 26 डिग्री संल्सिियस खटीमा में तथा सबसे कम 2 डिग्री सेल्सियस रानीचौंरी टिहरी में दर्ज किया गया।

कहीं-कहीं भारी वर्षा और हिमपात

राज्य मौसम केन्द्र द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार दो दिसम्बर को प्रदेश के छिटपुट इलाकों में 25 प्रतिशत तक, कुछ स्थानों पर 26 से लेकर 50 प्रतिशत तक और अधिकांश क्षेत्रों में 51 से लेकर 75 प्रतिशत तक वर्षा होने का अनुमान है। कुछ ऐसे भी हैं जहां स्थान 76 से लेकर 100 प्रतिशत तक अति भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग के मानकों के अनुसार 2.4 मिमी तक बहुत हल्की वर्षा मानी जाती है। जबकि 2.5 से लेकर 15.5 मिमी तक हल्की वर्षा, 15.6 से लेकर 64.4 मिमी तक माडरेट या मध्यम वर्षा, 64.5 से लेकर 115.5 मिमी तक भारी वर्षा और 115.6 से लेकर 204.4 मिमी तक होने वाली वर्षा अति भारी वर्षा की श्रेणी में आती है। जबकि 204 मिमी से ऊपर की वर्षा को अत्यंत भारी वर्षा की श्रेणी में रखा जाता है।

देहरादून में भी ठण्ड बढ़नी लगी

राज्य मुख्यालय देहरादून में 30 नवम्बर को अधिकतम् तापमान 25.4 डिग्री रिकार्ड किया गया जो कि पहली दिसम्बर को 1.4 डिग्री घट कर 24 डिग्री रह जायेगा। बुधवार को देहरादून का न्यूनतम् तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। देहरादून में 2 और 3 दिसम्बर को अधिकतम तापमान में पुनः 1 डिग्री की गिरावट के साथ ही अधिकतम् तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। लेकिन न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक रहने का अनुमान है। अगले दिन 4 दिसम्बर को तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। यहां 5 और 6 दिसम्बर को पुनः ठण्ड बढ़ जायेगी। देहरादून में 1 दिसम्बर को बादल छाये रहेंगे और 2 दिसम्बर को हल्की वर्षा होगी। यहां 3 दिसम्बर को भी मौसम साफ नहीं रहेगा। 5 दिसम्बर को देहरादून में मौसम गड़बड़ रहेगा और हल्की वर्षा का पूर्वानुमान भी है।

टिहरी में भी घटा तापमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार टिहरी में 1 दिसबर को न्यूनतम् तापमान 8 डिग्री संल्सियस रहा और अधिकतम् तापमान 18 डिग्री तक रहने का अनुमान है। टिहरी नगर में 2 दिसम्बर को बादलों के छाये रहने के बावजूद न्यूनतम तापमान में 1 की बृद्धि के साथ 9 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। 3 दिसम्बर को टिहरी में बादलों की मौजूदगी रहेगी और न्यूनतम तापमान गिर कर 8 डिग्री और अधिकतम् 16 डिग्री तक रहने का पूर्वानुमान है। 4 दिसम्बर को टिहरी के लोग भले ही धूप का आनन्द ले सकेंगे मगर न्यूनतम् तापमान गिर कर 7 डिग्री तक आ सकता है। 6 दिसम्बर को भी वहां न्यूनतम् तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। वहां 5 और 6 दिसम्बर को आसमान में बादल छाये रहेंगे।

अल्मोड़ा में बहुत सर्द रातें गुजरेंगी

अल्मोड़ा वासियों के लिये दिसम्बर का महीना काफी ठण्ड लेकर आ रहा है। यहां भले ही 6 दिसम्बर तक दिन का या अधिकतम् तापमान 22 से लेकर 24 डिग्री के बीच रहने का पूर्वानुमान अवश्य है, मगर प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी की रातें और सुबहें पहले ही हफ्ते काफी ठण्डी गुजरने वाली हैं। बुधवार प्रातः अल्मोड़ा में न्यूनतम् तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहां 2 और 3 दिसम्बर को बादल छाये रहने के बावजूद न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक रहने का अनुमान है। लेकिन 4 दिसम्बर को आसमान साफ रहने के बावजूद न्यूनतम तापमान गिर कर  5 डिग्री तक रहेगा। उसके अगले दो दिन अल्मोड़ा की रातें और सर्द रहेंगी, क्योंकि तापमान गिर कर 4 डिग्री संल्सियस तक आ जायेगा।

पंतनगर कुछ कम ठण्डा रहेगा

पहाड़ों की रानी नैनीताल से मात्र 51 किमी दूर और समुद्रतल से 2171 मीटर की ऊंचाई पर स्थित मुक्तेश्वर में बादलों की ओट के बावजूद सामान्यतः न्यूनतम तापमान अल्मोड़ा से अधिक तो रहेगा मगर वहां दिन में भी काफी ठण्ड रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार मुक्तेश्वर में 1 दिसम्बर को न्यूनतम् तापमान 6 डिग्री रहा। आगामी 2 दिसम्बर को बादलों और हल्की बूंदाबांदी के बावजूद वहां का न्यूनतम् तापमान 8 डिग्री, 3 दिसम्बर को 7 डिग्री, 4 -5 दिसम्बर को 6 डिग्री और 6 दिसम्बर को 5 डिग्री संल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। लेकिन वहां का अधिकतम् तापमान 6 दिसम्बर तक 15 डिग्री से कम ही रहेगा। वहां बुधवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री रिकार्ड किया गया। लेकिन वहां 2 और 3 दिसम्बर को अधिकतम् तापमान 13 डिग्री, 4 को 14 डिग्री, 5 को 13 डिग्री और 5 दिसम्बर को 14 डिग्री संल्सियस रहने का अनुमान है। पंतनगर में 1 से 6 दिसम्बर तक अधिकतम् तापमान 23 और 24 डिग्री के बीच तथा न्यूनतम तापमान 9 से लेकर 11 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

1 से 5 दिसम्बर तक जिलावार मौसम का पूर्वानुमान

======================================

1-दिसम्बर:-उत्तराखण्ड के चमोली, उत्तरकाशी एवं पिथौरागढ़ के कुछ स्थानों पर तथा रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा और बर्फबारी की संभावना है। राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। समुद्रतल से 4000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में बफबारी की संभावना।

2-दिसम्बरःउत्तराखण्ड के पिथौरागढ,चमोली और बागेश्वर जिलों के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा/बर्फबारी हो सकती है।

हरिद्वार और उधमसिंहनगर को छोड़ कर उत्तराखण्ड के शेष स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। राज्य के 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है।

3-दिसम्बर:- उत्तराखण्ड के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा/बर्फबारी होने की संभावना। राज्य के मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना।

राज्य के 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना।

4-दिसम्बरः- प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना।

5-दिसम्बरउत्तराखण्ड के अनेक सथानों पर हल्की से मध्यम वर्षा/बर्फबारी हो सकती है।

3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!