पोखरी के ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति ठप, उपभोक्ता परेशान
इंडेन गैस सर्विस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, आंदोलन की चेतावनी
– राजेश्वरी राणा की रिपोर्ट –
पोखरी, 9 मई। विकासखंड पोखरी के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से घरेलू गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति नहीं होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस संकट गहराने से ग्रामीणों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है। इन दिनों गेहूं की फसल की लवाई और मंडाई का कार्य चरम पर होने के कारण लोगों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं। गैस उपलब्ध न होने से कई परिवारों को मजबूरी में लकड़ी और पारंपरिक चूल्हों का सहारा लेना पड़ रहा है।
क्षेत्र पंचायत संगठन अध्यक्ष कुलदीप राणा आजाद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इंडेन गैस सर्विस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि उनके वार्ड के अंतर्गत आने वाले वल्ली, खन्नी, नोठा और बनखुरी गांवों में तीन महीने से अधिक समय से गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि ये गांव ब्लॉक मुख्यालय के सबसे नजदीकी ग्रामीण क्षेत्रों में शामिल हैं, इसके बावजूद यहां आपूर्ति व्यवस्था सुचारु नहीं है। ऐसे में दूरस्थ गांवों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
कुलदीप राणा आजाद ने आरोप लगाया कि इंडेन गैस बुकिंग के लिए जारी टोल फ्री नंबर पर मिस कॉल करने के बाद उपभोक्ताओं के मोबाइल पर छह अंकों का डीएसी नंबर आना अनिवार्य है, लेकिन अधिकांश उपभोक्ताओं को लंबे इंतजार के बाद भी डीएसी नंबर प्राप्त नहीं हो पा रहा है। इसके कारण उपभोक्ता गैस वितरण व्यवस्था से बाहर हो रहे हैं और समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक ओर पूर्ति विभाग क्षेत्र में पर्याप्त गैस उपलब्ध होने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण उपभोक्ताओं को महीनों तक सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। उनका आरोप है कि गैस एजेंसी और संबंधित विभाग के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारु नहीं की गई तो ग्रामीणों को साथ लेकर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और गैस एजेंसी की होगी।
इधर, इंडियन गैस एजेंसी पोखरी के प्रबंधक सुरेंद्र प्रसाद पुरोहित ने बताया कि गैस की गाड़ियां निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से ग्रामीण लिंक मार्गों पर भेजी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार केवल डीएसी नंबर वाले उपभोक्ताओं को ही गैस सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही उपभोक्ताओं से गैस बुकिंग प्रक्रिया पूरी करने तथा डीएसी नंबर प्राप्त होने के बाद ही वितरण केंद्र पर पहुंचने की अपील की गई है।
