नंदा देवी जात पर निर्णय के लिए 7 अगस्त को देवाल में होगी सर्वसम्मति बैठक
–हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली/देवाल, 5 अगस्त। प्रस्तावित नंदा देवी जात के आयोजन को लेकर 7 अगस्त को विकासखंड मुख्यालय देवाल में होने वाली सर्वसम्मति बैठक की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन समिति ने बैठक में अधिक से अधिक जनप्रतिनिधियों, धार्मिक समितियों और नंदा देवी परंपरा से जुड़े प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक संपर्क अभियान शुरू कर दिया है।
नंदा देवी जात पर सर्वसम्मति बनाने के लिए गठित समिति के अध्यक्ष एवं देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने बताया कि बैठक में विकासखंड देवाल के सभी ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, पड़ाव समितियों, नंदा भक्तों तथा क्षेत्र के सामाजिक और धार्मिक संगठनों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा राजजात समिति नौटी, बड़ी जात समिति कुरूड़, मंदिर समिति देवराड़ा, वांण क्षेत्र की प्रतिनिधि समितियों तथा कुमाऊं मंडल की नंदा देवी समितियों और विभिन्न नंदा देवी मंदिर समितियों को भी बैठक में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बैठक का उद्देश्य नंदा देवी जात के आयोजन को लेकर सभी संबंधित पक्षों की राय लेना और परंपराओं के अनुरूप सर्वसम्मति का प्रयास करना है। बैठक में बड़ी जात, राजजात अथवा छोटी लोकजात के आयोजन सहित विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। सभी पक्षों के सुझावों और सहमति के आधार पर अंतिम निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजन समिति का कहना है कि नंदा देवी जात उत्तराखंड की समृद्ध लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण परंपरा है। इसलिए इसके आयोजन से संबंधित निर्णय व्यापक सहमति और सभी संबंधित समितियों की सहभागिता के साथ लिया जाना आवश्यक है। समिति ने सभी आमंत्रित प्रतिनिधियों से बैठक में समय पर उपस्थित होकर अपने सुझाव देने की अपील की है।
