Front Page

खुद का नहीं तो पत्नी को टिकट दिलाने की कोशिश में जुटे विधायक कर्णवाल : डाला दिल्ली में डेरा

रुड़की। झबरेड़ा से टिकट बचाने के लिए भाजपा के सीटिंग विधायक देशराज कर्णवाल ने दिल्ली में डेरा डाल दिया है। पार्टी ने उन्हें भगवानपुर सीट से चुनाव लड़ने का ऑफर दिया है। फिलहाल वह झबरेड़ा से खुद का नहीं तो पत्नी को टिकट दिलाने की कोशिश में जुटे हैं। भाजपा के कुछ मौजूदा विधायकों के टिकट काटे जाने की खबर के बाद झबरेड़ा सीट से विधायक देशराज कर्णवाल पसोपेश में फंसे हैं। वह पहले ही अपनी पत्नी वैजयंती माला का नाम सीट पर आगे बढ़ा चुके हैं। इस बीच हालात कुछ बदले। पिछली बार भगवानपुर सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े सुबोध राकेश बसपा में शामिल होकर प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं। भगवानपुर में ममता राकेश कांग्रेस की मौजूदा विधायक हैं।

उनका इस बार भी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना तय है। ममता और सुबोध रिश्ते में भाभी-देवर हैं। भगवानपुर सीट पर भाजपा देवर-भाभी के मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने के लिए मजबूत चेहरा तलाश रही है। झबरेड़ा और भगवानपुर सीट आपस में सटी हुई है। भाजपा भगवानपुर से देशराज कर्णवाल को चुनाव लड़वाना चाह रही है। देशराज की पहली प्राथमिकता अभी खुद का नहीं तो पत्नी के लिए झबरेड़ा से टिकट कंफर्म करवाना है। इसके लिए उन्होंने दिल्ली में डेरा डाल रखा है।  देशराज कर्णवाल ने कहा कि उन्होंने बहुत अधिक विधायी और विकास कार्य किए। पार्टी झबरेड़ा से उनकी पत्नी को ही टिकट दे दे। बताया कि भगवानपुर से भी कार्यकर्ताओं के लगातार फोन आ रहे हैं। पार्टी जो निर्णय लेगी वह उसके साथ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!