सेवानिवृत्त कर्मचारियों को संगठन से जोड़ने पर जोर

गौचर, 6 अक्टूबर (गुसाईं)। राजकीय पेंशनर्स संगठन की बैठक में संगठन को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारियों को इससे जोड़ने तथा पेंशनरों की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने का निर्णय लिया गया।
संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मैखुरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हितों की प्रभावी पैरवी के लिए संगठन का मजबूत होना जरूरी है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से अधिक से अधिक पेंशनरों को संगठन से जोड़ने का आग्रह किया गया।
संगठन के सचिव राजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि प्रत्येक सदस्य को सालाना सौ रुपये संगठन के कोष में जमा करने होंगे। इस राशि का उपयोग आवश्यकता पड़ने पर संगठनात्मक गतिविधियों और पेंशनरों के हित से जुड़े कार्यों में किया जाएगा।
बैठक में पेंशन संबंधी प्रकरणों, गोल्डन कार्ड तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़ी अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की गई। तय किया गया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए समय-समय पर शासन और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष पेंशनरों का पक्ष रखा जाएगा।
बैठक में संगठन के संरक्षक सुरेंद्र सिंह बिष्ट, मदन लाल टम्टा, उपाध्यक्ष यशराज खत्री, कोषाध्यक्ष शिवलाल भारती, सह सचिव मोहनलाल राज, सम्प्रेक्षक गोपाल दत्त थपलियाल, ओम प्रकाश चोटाला, सुरेंद्र सिंह नेगी और सुदामा सिंह बिष्ट सहित अन्य सदस्यों ने विचार रखे।

