क्षेत्रीय समाचार

पोखरी ब्लॉक की त्रैमासिक बैठक में सड़कों से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक गूंजे जनसरोकार

 

सीडीओ ने लापरवाह अधिकारियों को लगाई फटकार, समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश


पोखरी, 14 मई (राणा)। विकासखंड सभागार में गुरुवार को आयोजित क्षेत्र पंचायत नागपुर पोखरी की त्रैमासिक बैठक हंगामेदार माहौल के बीच संपन्न हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल और कृषि से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसमस्याओं के प्रति गंभीर रहने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता क्षेत्र पंचायत प्रमुख राजी देवी ने की। खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी ने पिछली बैठक की कार्यवाही प्रस्तुत की, जिसके बाद सदन की कार्रवाई शुरू हुई। बैठक में सबसे अधिक मुद्दे लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई की सड़कों से जुड़े रहे। जनप्रतिनिधियों ने सड़कों की बदहाल स्थिति तथा अधूरे निर्माण कार्यों पर तीखी नाराजगी व्यक्त की। इस पर सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आली के प्रधान विनोद आगरी ने आली-जिलासू मोटर मार्ग लंबे समय से बाधित होने का मामला उठाते हुए शीघ्र यातायात बहाल करने की मांग की। भदूणा के प्रधान राकेश रावत ने पोखरी-हापला-गोपेश्वर तथा पोखरी-शरणाचाई-त्रिशूला मोटर मार्गों की जर्जर स्थिति का मुद्दा सदन में रखा। किमोठा के प्रधान बाल ब्रह्मचारी हरिकृष्ण किमोठी ने वर्ष 2017 से लंबित जौरासी-तोणजी मोटर मार्ग निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए एनपीसीसी और पीएमजीएसवाई को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने संबंधित एजेंसियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र भी सौंपा। इस पर सीडीओ ने उपजिलाधिकारी अल्केश नौडियाल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
थालाबैड़ वार्ड से जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा ने रुद्रप्रयाग-पोखरी-हापला-गोपेश्वर मोटर मार्ग पर गुनियाला, नारी गदेरे और बगथल में अधूरे पुस्तों और काजवे निर्माण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अधूरे कार्य लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं। उन्होंने पोखरी-वल्ली-हरिशंकर मोटर मार्ग की बदहाली पर भी नाराजगी जताई। क्षेत्र पंचायत सदस्य संगठन के अध्यक्ष कुलदीप राणा आजाद ने क्षेत्र पंचायत निधि से कराए गए कार्यों का भुगतान लंबित होने से विकास कार्य प्रभावित होने की बात कही।
ब्राह्मणथाला के प्रधान दीपक थपलियाल ने पीएमजीएसवाई के अधीन मोहनखाल-ताली-कसारी सड़क की खराब स्थिति का मामला उठाया। सिनाऊ तल्ला-मल्ला की प्रधान संतोषी देवी ने गांव में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या से अवगत कराया। पत्रकार संदीप बर्तवाल ने तहसील कार्यालय में प्रमाण पत्रों और अन्य दस्तावेजों के निस्तारण में हो रही देरी का मुद्दा उठाते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की। कनिष्ठ प्रमुख शिवलाल ने डुगर गांव में जल जीवन मिशन के तहत 14 परिवारों को अब तक पेयजल कनेक्शन नहीं मिलने की समस्या रखी।
तमुड़ी की प्रधान सुनीता देवी ने प्राथमिक विद्यालय भवन के क्षतिग्रस्त होने तथा आंगनबाड़ी केंद्र को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग की। विनगढ़ की प्रधान ममता चौहान ने राजकीय इंटर कॉलेज उडामांडा में मुख्य भवन न होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होने की बात कही। सेरामालकोटी के प्रधान राजेश रावत ने रौता-सेरामालकोटी सड़क निर्माण की मांग उठाई।
जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने तथा मोहनखाल-चोपता सड़क निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई। बैठक को संबोधित करते हुए सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याएं सीधे जनता से जुड़ी हैं और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला विकास अधिकारी केके पंत, उपजिलाधिकारी अल्केश नौडियाल, डीपीआरओ रमेश चंद्र त्रिपाठी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार, सहायक अभियंता तस्दीक अहमद, जल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला, जल संस्थान के सहायक अभियंता राहुल राय, कनिष्ठ अभियंता मनमोहन सिंह राणा, उप शिक्षा अधिकारी नेहा भट्ट, सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता, विद्युत विभाग के एसडीओ आशीष चौधरी, अवर अभियंता धीरेन्द्र भंडारी, केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग नागनाथ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं, पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता विनय थपलियाल, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष तेजपाल निर्मोही, वन दरोगा आनंद सिंह रावत, हरिशंकर की प्रधान रिंकी देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मीना रावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन ग्राम विकास अधिकारी राजेश सजवाण ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!