पर्यावरण

हरेला पर्व पर चमोली जिले में शुरू हुआ बृहद वृक्षारोपण

गौचर, 17 जुलाई ( गुसाईं) । पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित लोकपर्व हरेला के अवसर पर पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान शुरू किया गया। इस बार चमोली प्रशासन ने जनपद में 1 लाख 30 पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा है।

वन विभाग के तत्वाधान में राजकीय पॉलिटेक्निक रौली ग्वाड़ में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य विाकस अधिकारी अभिनव शाह सहित जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर अखरोट, अनार, चूरा, हरड़, वहेडा, चंदन आदि प्रजाति के फलदार एवं सजावटी पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। जनपद में सभी वन पंचायतों में भी हरेला पर्व पर पौधारोपण अभियान का आगाज हुआ।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने पूरे जनपद वासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने हरेला महोत्सव पर सभी से पेड़ लगाने और उनके संरक्षण के लिए संकल्प लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और इसके विनाशकारी प्रभावों से बचाने और पर्यावरण संतुलन बनाने में पेड़ पौधे मददगार साबित होते है। पौधरोपण से जहॉ एक ओर हमें स्वच्छ पर्यावरण मिलेगा वही उभरते जल संकट से भी निजात मिलेगी।

उन्होंने सबसे अपील करते हुए कहा कि प्राकृतिक जलस्रोतों, नदी एवं सरोवरों के आसपास वृहद स्तर पर पौधरोपण करते हुए उनका संरक्षण भी किया जाए। ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण मिल सके। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि ओम प्रकाश भट्ट ने कहा कि पयार्वरण संरक्षण में जनपद चमोली ने हमेशा अग्रणी भूमिका रही है। पयार्वरण के प्रति जागरूक करते हुए उन्होंने सबसे हरेला पर्व पर पौधे लगाने की अपील की।

बद्रीनाथ उप वन संरक्षक सर्वेश कुमार दुबे ने कहा कि सभी विभागों के सहयोग से हरेला पर्व पर पूरे जनपद में 1 लाख 30 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं वन पंचायत में हरेला पर्व मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घेरवाड करके पौधों का संरक्षण भी किया जाएगा।

इस मौके पर कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, जल संस्थान, शिक्षा सहित अन्य तमाम विभागों अधिकारी मौजूद रहे। हरेला पर्व के शुभारंभ पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कवयित्री शशि देवली, बाल कवि कार्तिक तिवारी, ने कविताओं के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

वहीं रेखा राणा ने गीत और देवभूमि कला मंच ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया। पीस पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। इस दौरान राजकीय पॉलिटेक्टिन परिसर में वृहद स्तर पर पौधारोपण किया गया। हरेला महोत्सव के शुभारंभ के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता ताजवर भंडारी, ऊषा रावत, सीमा असवाल आदि मौजूद रहे।

 

झिरकोटी के ग्रामीणों ने किया 500 पौधों का रोपण

वन विभाग के तत्वावधान में झिरकोटी के ग्रामीणों ने लगभग पांच हेक्टेयर भूमि पर विभिन्न प्रजातियों के 500 पौधों का रोपण किया।
हरेला पर्व के शुरुआती दिन झिरकोटी के ग्रामीणों ने वन विभाग के नेतृत्व में वृक्षारोपण का वृहद कार्यक्रम आयोजित कर लगभग पांच सौ पौधों का रोपण किया।इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी शिवानी डिमरी,उप वन क्षेत्राधिकारी मंगल सिंह नेगी, पुलिस चौकी प्रभारी मानवेन्द्र गुसाईं,उप उद्यान निरीक्षक मीनाक्षी, भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व प्रबंधक धरमपाल सिंह चौहान, जगदीश चौहान, यशपाल चौहान, राजे सिंह चौहान, धन सिंह, सुरेंद्र सिंह, राकेश सिंह, रमेश सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य कृष्ण चंद्र चौहान,भुवना देवी, रंजना, गुड्डी,शुषमा, कुसुमलता,कमला देवी, गरिमा देवी, जशदेई देवी,मधु, रंजना,कमला, सुशीला, आदि बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने वृक्षारोपण में भाग लिया।

पालिका गौचर के तत्वावधान में महिलाओं व स्कूली बच्चों ने किया वृक्षारोपण

पालिका गौचर के तत्वावधान में क्षेत्र की महिलाओं व स्कूली छात्र छात्राओं ने हरेला पर्व पर वृक्षारोपण किया।
पालिका के अधिशासी अधिकारी जे पी उनियाल के नेतृत्व में भटननगर, बसंतपुर, रावल नगर की महिलाओं ने अपने अपने क्षेत्र में मां के नाम एक वृक्ष के कार्यक्रम में भाग लेकर पौधारोपण किया।इसके अलावा विद्या मंदिर के छात्र छात्राओं ने गौचर मैदान के चारों ओर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!