क्षेत्रीय समाचार

नाबालिगों के वाहन चलाने और नशे की गतिविधियों पर पुलिस सख्त

 

गौचर, 28 अगस्त (गुसाईं)। पालिका क्षेत्र में नाबालिगों के वाहन चलाने से हो रही दुर्घटनाओं और नशे से जुड़ी गतिविधियों की शिकायतों के बाद पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने एक वाहन सीज करने के साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन के विभिन्न मामलों में वाहनों के चालान किए।
क्षेत्र में पिछले कुछ समय से नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और राहगीरों को घायल करने की घटनाओं के साथ ही कुछ स्थानों पर नशे के अवैध कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर गौचर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं के नेतृत्व में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान नाबालिग द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर एक वाहन सीज किया गया, जबकि एक अन्य वाहन का चालान न्यायालय भेजा गया। दो वाहनों से संयोजन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने और पुलिस अधिनियम के उल्लंघन के मामलों में भी कार्रवाई की गई।
चौकी प्रभारी मानवेन्द्र गुसाईं ने बताया कि पुलिस ने कुछ ढाबों और खोमचों पर भी छापेमारी की है। नशे से जुड़ी गतिविधियों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस विभिन्न माध्यमों से नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि नाबालिगों के वाहन चलाने के मामलों में बच्चों के साथ उनके अभिभावकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि नाबालिग के वाहन चलाते पकड़े जाने का मामला केवल चालान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उसके भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। मोटर वाहन अधिनियम के तहत ऐसे मामलों में अभिभावक अथवा वाहन स्वामी के विरुद्ध भी कार्रवाई का प्रावधान है। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था सुधारने और नशे की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान नियमित रूप से चलाए जाने चाहिए। भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ ने भी पुलिस की कार्रवाई का स्वागत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!