राहुल कोटियाल ‘पंडित भैरवदत्त धूलिया चतुर्थ पत्रकार पुरस्कार’ के लिए चयनित
देहरादून, 3 मई। कर्मभूमि फाउंडेशन उत्तराखंड की चयन समिति ने 3 मई 2026 को आयोजित अपनी बैठक में वरिष्ठ पत्रकार राहुल कोटियाल को ‘पंडित भैरवदत्त धूलिया चतुर्थ पत्रकार पुरस्कार’ के लिए चयनित किया है। यह सम्मान उन्हें निष्पक्ष पत्रकारिता, उत्तराखंड की राजनीति, समाज एवं संस्कृति पर गहन विश्लेषण और डिजिटल माध्यमों के जरिए जमीनी मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने के लिए प्रदान किया जा रहा है।
फाउंडेशन के अनुसार, राहुल कोटियाल ने विशेष रूप से पहाड़ की समस्याओं, संघर्षों और चुनौतियों को सरल एवं सशक्त भाषा में आम जनता तक पहुंचाने का उल्लेखनीय कार्य किया है। उनके कार्यों की लोकप्रियता इस बात का प्रमाण है कि आम लोगों ने उनकी पत्रकारिता को व्यापक सराहना दी है।
इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के तहत विजेता को एक लाख रुपये की धनराशि, प्रशस्ति पत्र और शॉल प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार समारोह का आयोजन 19 मई 2026 को दून लाइब्रेरी, देहरादून में शाम 5 बजे किया जाएगा।
फाउंडेशन ने यह भी जानकारी दी कि इस श्रृंखला के पूर्व पुरस्कार विजेताओं में प्रथम पुरस्कार जयसिंह रावत, द्वितीय पुरस्कार राजीव लोचन शाह और तृतीय पुरस्कार रमेश गैरोला ‘पहाड़ी’ को प्रदान किया जा चुका है।
यह पुरस्कार उत्तराखंड में जनपक्षीय और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
