सिद्ध पीठ बामेश्वर शिवालय में अखंड रामायण पाठ, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

पोखरी, 18 मई (राणा)। क्षेत्र के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ बामेश्वर शिवालय मंदिर में आयोजित 24 घंटे के अखंड रामायण पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठान में सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक माहौल से गुंजायमान रहा। सुबह से ही दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर अखंड रामायण पाठ में सहभागिता की और सुख-समृद्धि की कामना की।
साकरी निवासी महिपाल सिंह भण्डारी एवं उनकी पत्नी रमा देवी भण्डारी ने अपने स्वर्गीय माता-पिता तथा ससुर स्वर्गीय नरेन्द्र सिंह भण्डारी और स्वर्गीय शिवदेई की पुण्य स्मृति में मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया है। रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और फूलों से सुसज्जित मंदिर की भव्यता श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रही है। श्रद्धालुओं ने बताया कि मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हो रहा है।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में महिपाल सिंह भण्डारी परिवार ने मंदिर परिसर में एक भव्य मंदिर का निर्माण कर राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती तथा राम-लक्ष्मण-सीता की संगमरमर की मूर्तियों की स्थापना कराई थी। इस वर्ष विशाल संगमरमर की हनुमान प्रतिमा स्थापित किए जाने से धार्मिक आयोजन की भव्यता और बढ़ गई है। मंदिर स्थापना की दूसरी वर्षगांठ पर आयोजित अखंड रामायण पाठ में क्षेत्रभर के श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
आयोजक महिपाल सिंह भण्डारी, जो नोएडा-दिल्ली में व्यवसाय करते हैं, ने कहा कि सिद्ध पीठ बामेश्वर शिवालय क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने बताया कि वर्षों से लोगों की भगवान शिव में अटूट श्रद्धा रही है और यहां सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होने की मान्यता है। उन्होंने कहा कि सावन माह में त्रिशूला घाटी के सेम, साकरी, त्रिशूला, भदूणा, सगूण, चमसील सहित पोखरी, चंद्रशिला पट्टी और हापला घाटी के दर्जनों गांवों से हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र अर्पित करते हैं।
उन्होंने कहा कि यह स्थल धार्मिक महत्व के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य के कारण पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। मंदिर के नीचे बहने वाली निगोमती नदी की कल-कल ध्वनि और चारों ओर फैले चीड़ के घने जंगल श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस धार्मिक एवं प्राकृतिक धरोहर के दर्शन करने की अपील की।
अखंड रामायण पाठ में पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने कहा कि महिपाल सिंह भण्डारी एवं रमा देवी भण्डारी द्वारा धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के संरक्षण और विकास के लिए किया जा रहा प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर महिला मंगल दल अध्यक्ष संतोषी भण्डारी, पार्वती देवी, कलावती देवी, आशा देवी, कमलेश थपलियाल, सतपाल सिंह भण्डारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, क्षेत्रीय गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने बताया कि सोमवार को मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रभर के श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
