रानी मुखर्जी ने एक ही दिन किए केदारनाथ और बदरीनाथ के दर्शन
बदरीनाथ/ज्योतिर्मठ, 8 अक्टूबर (कपरुवाण)। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने गुरुवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान से सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। इससे पहले उन्होंने सुबह केदारनाथ धाम पहुंचकर भगवान केदारनाथ के दर्शन किए।
दोनों धामों में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की ओर से रानी मुखर्जी का स्वागत किया गया तथा उन्हें भगवान बदरीविशाल और भगवान केदारनाथ का प्रसाद भेंट किया गया।
इस अवसर पर अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने कहा कि वह बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की आध्यात्मिक महत्ता तथा प्राकृतिक सौंदर्य से अभिभूत हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार द्वारा दोनों धामों में किए जा रहे पुनर्निर्माण, सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर बदरीनाथ के प्रभारी अधिकारी राजन नैथानी, प्रोटोकॉल अधिकारी राकेश सेमवाल, मंदिर अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, संदीप कपरवाण, मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़, योगंबर नेगी, राहुल नेगी, वैभव उनियाल, राकेश झिंक्वाण और विकास सनवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

