फिल्म बैजू बावरा की शूटिंग जल्द शुरू करेंगे रणवीर-आलिया?

Spread the love

काफी समय से फिल्म बैजू बावरा का रीमेक सुर्खियों में हैं। आए दिन इससे जुड़े नए अपडेट सामने आ रहे हैं। अब खबर है कि रणवीर सिंह और आलिया भट्ट ने फिल्म की शूटिंग के लिए कमर कस ली है। फिल्म के निर्देशक संजय लीला भंसाली ने एक खास प्लान बनाया है। उन्होंने फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी के पोस्ट प्रोडक्शन के साथ-साथ बैजू बावरा का प्री-प्रोडक्शन भी शुरू कर दिया है।

फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि रणवीर और आलिया फिलहाल फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी की शूटिंग कर रहे हैं। दोनों 2022 के मध्य तक बैजू बावरा की शूटिंग शुरू करेंगे। रणवीर और आलिया के अलावा एक और लीडिंग एक्ट्रेस भी फिल्म में नजर आएंगी। फिल्म को अगले सात से आठ महीने में शूट किया जाएगा। फिल्म के लिए भव्य सेट तैयार किया जा रहा है, जिसकी डिजाइनिंग का काम शुरू हो गया है।

बैजू बावरा के जरिए रणवीर चौथी बार भंसाली के साथ काम कर रहे हैं। सबसे पहले दोनों ने फिल्म गोलियों की रासलीला रामलीला में साथ काम किया था। इसके बाद वे बाजीराव मस्तानी के लिए साथ आए और फिर दोनों ने पद्मावत जैसी सुपरहिट फिल्म में साथ काम किया। दूसरी तरफ आलिया को फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी के जरिए पहली बार भंसाली का साथ मिला। अब दूसरी बार फिल्म बैजू बावरा से वह उनके निर्देशन में काम करने जा रही हैं।
रणवीर-आलिया पहले भी साथ काम कर चुके हैं। दोनों पहली बार 2019 में गली बॉय के लिए साथ आए थे, जो हिट रही थी। फिर उनकी जोड़ी रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के लिए बनी और अब वे तीसरी बार साथ आ रहे हैं।
बैजू बावरा 1952 में रिलीज हुई थी। यह म्यूजिकल ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक है।

प्रसिद्ध संगीतज्ञ बैजू बावरा के जीवन पर आधारित इस फिल्म को अकबर के शासनकाल के इर्द-गिर्द बुना गया। फिल्म में दिखाया गया कि बैजू बावरा अपने पिता की मौत का बदला संगीत सम्राट तानसेन से लेना चाहता है, जो अकबर के दरबार के नव रत्नों में से एक थे। फिल्म में भारत भूषण और मशहूर अभिनेत्री मीना कुमारी ने मुख्य किरदार निभाया था।

रणवीर फिल्म सर्कस में दिखाई देंगे। वह तमिल फिल्म अन्नियन के हिंदी रीमेक से जुड़े हैं। फिल्म तख्त रणवीर के खाते से जुड़ी है। जयेशभाई जोरदार भी उनकी आगामी बहुचर्चित फिल्मों में से एक है। सिम्बा 2 में भी रणवीर नजर आएंगे। वह इस फिल्म को शुरू करने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आलिया के पास फिल्म  आरआरआर है। इसके जरिए वह साउथ में कदम रखने जा रही हैं। उन्हें फिल्म ब्रह्मास्त्र और डार्लिंग्स में भी देखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!