मौसम

अचानक बदले मौसम से पिंडर घाटी में राहत, झमाझम बारिश से गर्मी टूटी

थराली, 30 अप्रैल (हरेंद्र बिष्ट)। पिंडर घाटी में गुरुवार को अचानक मौसम बदलने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश ने पूरे क्षेत्र का मौसम सुहावना बना दिया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

दोपहर करीब डेढ़ बजे के बाद देवाल, थराली और नारायणबगड़ क्षेत्रों में अचानक आसमान पर घने बादल छा गए। इसके बाद लगभग 2:15 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक चली इस बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी और मौसम को ठंडा कर दिया।

हालांकि, अचानक हुई इस बारिश से किसानों को गेहूं की कटाई और मड़ाई के कार्य में कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन बारिश के बाद खरीफ फसल के बेहतर उत्पादन की उम्मीद से उनके चेहरे खिल उठे हैं।

वहीं, इस वर्ष लगातार बढ़ रही वनाग्नि की घटनाओं के बीच इस बारिश ने जंगलों में लगी आग पर भी काफी हद तक नियंत्रण किया है, जिससे वन विभाग ने भी राहत महसूस की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!