क्षेत्रीय समाचार

विद्यालय प्रबंधन समिति व पीटीए का गठन, रमेश चंद्र भट्ट व प्रतिमा कंडारी को जिम्मेदारी

पोखरी, 30 अप्रैल (राणा)। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पोखरी में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) एवं शिक्षक-अभिभावक संघ (पीटीए) का गठन करते हुए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चयन किया गया। इस दौरान रमेश चंद्र भट्ट को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा प्रतिमा कंडारी को पीटीए अध्यक्ष चुना गया।

प्रधानाचार्य गम्भीर सिंह असवाल की अध्यक्षता में आयोजित प्रथम आम बैठक में विगत सत्र की प्रगति आख्या, बोर्ड परीक्षा परिणाम तथा विद्यालय एवं छात्राओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अभिभावकों ने विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर खुशी जताते हुए शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

बैठक में विद्यालय के संचालन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अभिभावकों से सुझाव लिए गए। साथ ही शिक्षकों के रिक्त पदों एवं कक्षा-कक्षों की कमी को दूर करने के लिए संबंधित विभाग एवं सरकार को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया।

नई कार्यकारिणी में प्रधानाचार्य गम्भीर सिंह असवाल को उपाध्यक्ष, पिंकी देवी को सचिव तथा प्रवक्ता रेखा पटवाल राणा को सहसचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से अभिभावकों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों, प्रधानाचार्य गम्भीर सिंह असवाल एवं पूर्व प्रधानाचार्य विजयलक्ष्मी रावत ने अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे विद्यालय एवं छात्रहित में पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।

इस अवसर पर अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार ने नगर पंचायत पोखरी द्वारा विद्यालय के प्रार्थना स्थल के सौंदर्यीकरण एवं टाइल्स लगाने के कार्य के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में विजयलक्ष्मी रावत, पूनम रानी नेगी, रेखा पटवाल राणा, निशा, विश्वेश्वरी सजवाण, रेखा सती, दामिनी, मधुसूदन चौधरी, रमेश चौधरी, भुवनेश भट्ट, दर्शन सिंह, जगदीश सिंह चौधरी, संगीता देवी, रेखा देवी, नीमा देवी सहित तमाम शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!