क्षेत्रीय समाचार

पोखरी तहसील में एसडीएम अल्केश नौडियाल ने की कार्यों की समीक्षा

 

पोखरी, 13 मई (राणा)। कर्णप्रयाग के उपजिलाधिकारी एवं पोखरी तहसील के प्रभारी एसडीएम अल्केश नौडियाल ने बुधवार को पोखरी तहसील पहुंचकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आम जनता के कार्य प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।
एसडीएम अल्केश नौडियाल ने कहा कि कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा उनके कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मूल निवास, चरित्र प्रमाण पत्र, हैसियत प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र तत्काल बनाए जाएं। खाता-खतौनी निकालने के लिए आने वाले लोगों को भी बिना देरी के दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उन्हें बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।
एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। उन्होंने कहा कि समय-समय पर क्षेत्र भ्रमण कर जनता की समस्याओं को मौके पर सुना जाएगा और संबंधित विभागों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए जाएंगे।
इस अवसर पर तहसीलदार जिनेन्द्र सिंह रावत सहित तहसील के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!