खेल/मनोरंजन

राष्ट्रीय स्कूली टेबल टेनिस प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे चमोली के 10 खिलाड़ी

 

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, तीन खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक

गौचर, 24 सितम्बर (गुसाईं)। मध्य प्रदेश में अक्टूबर में होने वाली राष्ट्रीय स्कूली टेबल टेनिस प्रतियोगिता में चमोली जिले के 10 खिलाड़ी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। चंपावत में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर इन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
चंपावत में 21 से 23 सितम्बर तक आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 टेबल टेनिस प्रतियोगिता में चमोली जिले के 23 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इनमें अंडर-14 वर्ग में 10, अंडर-17 में आठ और अंडर-19 वर्ग में पांच खिलाड़ी शामिल थे। प्रतियोगिता में चमोली के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
अंडर-17 बालिका वर्ग में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ की अंशिका नेगी ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-14 बालिका वर्ग में विद्या मंदिर ज्योतिर्मठ की काव्या और अंडर-14 बालक वर्ग में इसी विद्यालय के आरव ने फाइनल मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
टीम मैनेजर जयदीप सिंह झिंक्वाण ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अंडर-19 बालिका वर्ग में राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय नैग्वाड़ की सानिया और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोपेश्वर की सुहानी का चयन हुआ है।
अंडर-17 बालिका वर्ग में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ की अंशिका नेगी, विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ की दिया सैनी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोपेश्वर की परिधि और राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय नैग्वाड़ की प्रिया का चयन हुआ। इसी आयु वर्ग के बालक वर्ग में विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ के समीर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
अंडर-14 बालिका वर्ग में विद्या मंदिर ज्योतिर्मठ की काव्या और पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ की अंशिका तथा बालक वर्ग में विद्या मंदिर ज्योतिर्मठ के आरव का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
चमोली की टीम के साथ टीम मैनेजर जयदीप सिंह झिंक्वाण, प्रशिक्षक लता झिंक्वाण, कविता और अजय फरस्वाण शामिल रहे। टीम प्रबंधन ने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए खेल संयोजिका भुवनेश्वरी फोनिया और जिला क्रीड़ा समन्वयक प्रदीप बोरा का आभार जताया।
चमोली के खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक श्रीकांत पुरोहित, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक, खंड शिक्षा अधिकारी ज्योतिर्मठ एवं दशोली पंकज कुमार उप्रेती तथा जिला क्रीड़ा समन्वयक कैलाश चंद्र पंत ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधन को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!