क्षेत्रीय समाचार

उडामांडा इंटर कॉलेज में आत्मरक्षा कार्यशाला संपन्न, छात्राओं ने सीखे सुरक्षा के गुर

पोखरी, 5 मई (राणा)। विकासखंड के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज उडामांडा में छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाने के उद्देश्य से आयोजित दस दिवसीय ‘रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यशाला’ का समापन उत्साहपूर्वक हुआ।

समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रह्मानंद किमोठी ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को व्यावहारिक तकनीकों और रणनीतियों के माध्यम से शारीरिक हमलों एवं अन्य संभावित खतरों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए तैयार करता है। इससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपने दैनिक जीवन में अधिक सुरक्षित महसूस करती हैं। उन्होंने बताया कि समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित इस योजना का उद्देश्य माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान करना है, जिसमें जूडो, कराटे, मार्शल आर्ट और बॉक्सिंग जैसी विधाओं का अभ्यास कराया जाता है।

कार्यशाला में कुल 65 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षक खुशहाल सिंह नेगी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं में अनुशासन, सहयोग और सीखने की उत्सुकता सराहनीय रही। उन्होंने कहा कि यदि यह प्रशिक्षण भविष्य में किसी भी परिस्थिति में उनके काम आता है, तो यही इसकी सबसे बड़ी सफलता होगी।

कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षक खुशहाल सिंह नेगी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन एवं समर्पण के लिए कु. अवंतिका, कु. आरुषि और कु. प्रिया को ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर दयाल गढ़िया, हरेंद्र चौधरी, अंजलि सेमवाल, मीरा रावत, ज्योति पंत, प्रियंका रावत, रजनी नेगी, अंजन सिंह, राजकिशोर, दिनेश जग्गी, अनिल कुमार और सतीश कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का समापन उत्साह और प्रेरणा के साथ हुआ, जिसमें छात्राओं में आत्मरक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता स्पष्ट रूप से देखने को मिली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!