देवाल में निकली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा बाजार
Rganised in deval
थराली, 12 अगस्त (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल में स्कूली छात्र-छात्राओं तथा भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने थराली विधायक भूपाल राम टम्टा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान पूरा देवाल बाजार भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा।
विकासखंड मुख्यालय देवाल में राजकीय इंटर कॉलेज देवाल, राजकीय कन्या हाईस्कूल, राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर एवं विद्या मंदिर, गुरुवार रामराय और हिमालयन पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ ही भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता टैक्सी स्टैंड पर एकत्र हुए। यहां से थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत और भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा शुरू हुई।
हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकली यात्रा ढोल-नगाड़ों और अन्य वाद्य यंत्रों के साथ अर्पण मार्केट, मुख्य बाजार और एसबीआई बाजार से होते हुए बाजार के अंतिम छोर तक पहुंची। यात्रा में शामिल छात्र-छात्राएं और अन्य लोग भारत माता की जय, वंदे मातरम सहित विभिन्न देशभक्ति के नारे लगाते हुए चल रहे थे।
इस अवसर पर विधायक भूपाल राम टम्टा और ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने तिरंगा यात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों का आभार व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
तिरंगा यात्रा में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नंदा देवी, वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्र बिष्ट, लखन रावत, गणेश मिश्रा, गोविंद सोनी, मोहन बिष्ट, युवा मोर्चा अध्यक्ष विनायक मिश्रा, सुबोध फर्स्वाण, जितेंद्र बिष्ट, किसान मोर्चा अध्यक्ष धीरेंद्र बिष्ट, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सूरज खत्री सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
