नैनीताल के कैंचीधाम क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार; पांच लोगों की मौत
नैनीताल, 21 मई। जिले के कैंचीधाम क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा भवाली-सैनिटोरियम-खैरना मोटर मार्ग पर ग्राम कर्मी के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नैनीताल जिले में हुई वाहन दुर्घटना में मृतकों के प्रति गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 मई 2026 की रात लगभग 1:17 बजे वाहन संख्या UK-32AQ-1874 दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, स्वास्थ्य विभाग तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। हादसे में कार सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- भूपेंद्र सिंह चुफाल (48 वर्ष), निवासी मैन बाजार, खटीमा
- सोमा चुफाल (45 वर्ष), पत्नी भूपेंद्र सिंह चुफाल, निवासी मैन बाजार, खटीमा
- वंश चुफाल (19 वर्ष), पुत्र भूपेंद्र सिंह चुफाल, निवासी मैन बाजार, खटीमा
- लक्ष्य चुफाल (12 वर्ष), पुत्र भूपेंद्र सिंह चुफाल, निवासी मैन बाजार, खटीमा
- अनुज कुमार मिश्रा (33 वर्ष), निवासी ललितपुर (उत्तर प्रदेश)
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। बताया जा रहा है कि मृतक परिवार किसी कार्य से यात्रा पर निकला था।

