इन्स्पायर अवार्ड प्रतियोगिता के लिए चमोली के दो छात्रों का चयन
गौचर, 17 अप्रैल (गुसाईं)। राज्य स्तरीय इन्स्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता में जनपद चमोली के दो प्रतिभागियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है।
देहरादून स्थित डाल्फिन इंस्टीट्यूट ऑफ बायोमेडिकल में 16–17 अप्रैल को आयोजित राज्य स्तरीय इन्स्पायर अवार्ड प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता 2025–26 में जनपद चमोली से राजकीय इंटर कॉलेज लाटूगैर (गैरसैंण) की छात्रा कु. दिव्या भारती तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय विरसण (पोखरी) के छात्र आदित्य के आइडिया मॉडल का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
जिला समन्वयक एवं भौतिकी प्रवक्ता गंभीर सिंह असवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में राज्य के सभी जनपदों से कुल 124 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें जनपद चमोली से 11 छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। राज्य स्तर से कुल 13 बच्चों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ, जिनमें चमोली जनपद के दो बच्चों ने स्थान प्राप्त किया।
जनपद चमोली की टीम ने जिला समन्वयक गंभीर सिंह असवाल एवं मार्गदर्शक शिक्षिका अंजू बिष्ट के नेतृत्व में प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। जिला समन्वयक गंभीर सिंह असवाल ने प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।
मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सारस्वत ने जिला समन्वयक, इन्स्पायर टीम चमोली, चयनित विद्यार्थियों, मार्गदर्शक शिक्षकों एवं संबंधित विद्यालयों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता का शुभारंभ यूकोस्ट के महानिदेशक दुर्गेश पंत, एससीईआरटी निदेशक वंदना गर्ब्याल, डाल्फिन इंस्टीट्यूट के निदेशक, अपर निदेशक कुंवर सिंह रावत, प्रमेन्द्र बिष्ट तथा सहायक निदेशक के.एन. बिजल्वाण सहित अन्य अधिकारियों द्वारा किया गया।
