गुरुकुल चोटीपुरा की दो एनसीसी कैडेट्स श्रेया और काव्या राज्यपाल के हाथों सम्मानित

मुरादाबाद, 18 मई। अमर उजाला द्वारा आयोजित ‘समर्पण सम्मान समारोह’ में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने शहीदों के परिजनों, पूर्व सैनिकों तथा एनसीसी और स्काउट्स कैडेट्स को सम्मानित किया। मुरादाबाद के पंचायत भवन में आयोजित समारोह में गुरुकुल चोटीपुरा की स्नातक तृतीय वर्ष की छात्राएं श्रेया और काव्या को गणतंत्र दिवस परेड-2026 में उत्कृष्ट सहभागिता के लिए मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। दोनों छात्राएं 9 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी, मुरादाबाद से जुड़ी हैं।
समारोह में अमर उजाला मुरादाबाद संस्करण के रेजिडेंट एडिटर पुनीत शर्मा भी उपस्थित रहे। इस दौरान राज्यपाल ने दोनों कैडेट्स से संक्षिप्त बातचीत कर उनकी पढ़ाई, पारिवारिक पृष्ठभूमि और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में गुरुकुल चोटीपुरा की कुल चार छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। इनमें दो छात्राएं एनएसएस और दो छात्राएं एनसीसी के माध्यम से परेड में शामिल हुई थीं।
श्रेया की रुचि योगासन, तलवारबाजी और भाला चलाने जैसी गतिविधियों में है, जबकि काव्या की भी तलवारबाजी के साथ विभिन्न खेल गतिविधियों में विशेष रुचि है। दोनों छात्राओं की उपलब्धि पर गुरुकुल परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
