राजनीति

शादियों के सीज़न में चुनावी भीड़ जुटाना हुआ मुश्किल, राजनाथ की गौचर में शुक्रवार को सभा

 

गौचर से दिग्पाल गुसांईं-

शुक्रवार को चुनावी जनसभा को संबोधित करने यहां पहुंच रहे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सभा को सफल बनाने के लिए भले ही भाजपा कार्यकर्ता एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हों लेकिन शादी का सीजन व लोगों के कास्तकारी में जुटने की वजह से अपेक्षित भीड़ जुटाना उनके लिए चुनौती बना हुआ है।

गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करने के लिए गौचर पहुंच रहे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सभा को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। वृहस्पतिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी ने कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल के आवास पर विचार मंथन किया।

शुक्रवार से ही शादी के लग्नों की शुरूवात होने तथा कास्तकारों के गेहूं की फसल की कटाई में जुटने से भाजपा कार्यकर्ताओं के सामने अपेक्षित भीड़ जुटाना चुनौती बन गया।

इससे पूर्व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विधानसभा चुनाव में कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल के समर्थन में इसी गौचर के मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करने आए थे। तब भाजपा कार्यकर्ता अपेक्षित भीड़ जुटाने में कामयाब हो गए थे। लेकिन तब और अब में जनता के व्यवहार में जमीन अंतर का फर्क आ गया है।

चमोली जिले  के कई गांवों के लोग जहां सड़क की मांग को लेकर चुनाव वहिष्कार पर अडिग हैं वहीं जंगली जानवरों बंदरों से परेशान कास्तकार सरकार के रवैए से नाराज़ भी हैं। इससे इतर गंगनाली क्षेत्र में इन दिनों कास्तकार गेहूं जौ की फसल काटने जुट गए हैं। बावजूद इसके भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर रक्षामंत्री की सभा में भीड़ जुटाने के लिए लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं।

कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र विधायक अनिल नौटियाल के गृहक्षेत्र में हो रही इस चुनावी जनसभा में काफी हद तक नौटियाल की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है। हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए बद्रीनाथ के विधायक राजेंद्र भंडारी भी क्या अपनी ताकत दिखाएंगे यह तो शुक्रवार को गौचर में हो रही रक्षामंत्री की चुनावी जनसभा से पता चल जाएगा। बहरहाल वृहस्पतिवार को यहां बहस का विषय भी बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!