थराली पेट्रोल पंप पर मुफ्त एयर सेवा बंद, वाहन चालकों में नाराजगी
–हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 27 जुलाई। यदि आपके वाहन के टायरों में हवा कम है तो पहले किसी वर्कशॉप पर हवा भरवा लें। इंडियन ऑयल के थराली स्थित पेट्रोल पंप पर तेल भरवाते समय टायरों की हवा जांचने या मुफ्त हवा भरने की सुविधा मिलने की उम्मीद करना फिलहाल वाहन चालकों के लिए निराशाजनक साबित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, देश के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों के लिए शौचालय, पेयजल तथा वाहनों के टायरों में निशुल्क हवा जांचने और भरने की सुविधा उपलब्ध रहती है। थराली स्थित इंडियन ऑयल के इस पेट्रोल पंप पर एयर मशीन तो स्थापित है, लेकिन लंबे समय से उस पर कोई कर्मचारी तैनात नहीं होने के कारण वाहन चालकों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमानुसार एयर मशीन के पास कर्मचारी की तैनाती की जाती है, जो वाहनों के टायरों का वायु दबाव जांचने और आवश्यकता पड़ने पर मुफ्त हवा भरने का कार्य करता है। लेकिन कर्मचारी के अभाव में चालक केवल ईंधन भरवाकर आगे बढ़ने को मजबूर हैं। यदि टायरों में हवा कम होती है तो उन्हें निजी वर्कशॉप में जाकर अतिरिक्त शुल्क देकर हवा भरवानी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।
स्थानीय वाहन चालकों ने यह भी सवाल उठाया है कि जब कंपनी की ओर से निरीक्षण किए जाते हैं तो एयर मशीन और उससे जुड़ी सेवा की व्यवस्था पर ध्यान क्यों नहीं दिया जाता। उन्होंने इंडियन ऑयल प्रबंधन से थराली पेट्रोल पंप पर टायरों की निशुल्क जांच और हवा भरने की सुविधा तत्काल सुचारु करने की मांग की है।
