मुख्यमंत्री धामी ने किये बद्रीनाथ के दर्शन

बद्रीनाथ, 26 अक्टूबर (कपरूवाण)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को भगवान बद्रीविशाल के दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव 2025 के समापन समारोह में शामिल होने के उपरांत बद्रीनाथ धाम पहुँचे।
मंदिर परिसर में पहुँचने पर बद्री-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय थपलियाल, प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी तथा मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चौहान ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें भगवान बद्रीविशाल का प्रसाद और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, जिला पंचायत चमोली के अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, बीकेटीसी के पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, शुभम रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
