अयोध्या: राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजारोहण में शामिल हुए टीएमयू कुलाधिपति सुरेश जैन
अयोध्या, 25 नवंबर : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के विशेष आमंत्रण पर तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU), मुरादाबाद के कुलाधिपति श्री सुरेश जैन ने सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजारोहण का पुण्य अर्जित किया। इस ऐतिहासिक और आस्थामय क्षण के साक्षी यूनिवर्सिटी के ग्रुप वाइस चेयरमैन (GVC) श्री मनीष जैन तथा एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर श्री अक्षय जैन भी बने।
अभिजीत मुहूर्त में यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जैसे ही मंदिर के शिखर पर भगवा धर्म ध्वज फहराया, पूरा रामजन्मभूमि परिसर “जय श्री राम” के गगनभेदी जयघोष से गूंज उठा। भगवा रंग, सूर्य चिह्न और कोविदार वृक्ष से सुसज्जित यह ध्वज रामराज्य की कीर्ति और सनातन संस्कृति का प्रतीक है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि यह ध्वज हमें “प्राण जाए पर वचन न जाए” की प्रेरणा देता रहेगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक श्री मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ तथा देशभर से पधारे प्रमुख साधु-संत एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के बाद सभी ने नवनिर्मित भव्य राम मंदिर में भगवान श्रीराम लला के दिव्य दर्शन किए और आलोकिक वातावरण में सेल्फी व फोटोग्राफी का आनंद भी लिया।
आस्था से अभिभूत कुलाधिपति श्री सुरेश जैन ने कहा, “आस्था के धागों से बुना यह ध्वज केवल कपड़ा नहीं, सनातन संस्कृति का जीवंत प्रतीक है। आज का क्षण जीवन भर याद रहेगा।”
जीवीसी श्री मनीष जैन और एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर श्री अक्षय जैन ने इसे अपने जीवन का “अद्वितीय और अलौकिक पल” बताया।
गौरतलब है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव श्री चंपत राय के निमंत्रण पर कुलाधिपति श्री सुरेश जैन और जीवीसी श्री मनीष जैन पिछले वर्ष 22 जनवरी 2024 को श्रीराम लला की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में भी सम्मिलित हो चुके हैं।
