ओलावृष्टि से घेस घाटी में फसलें चौपट, सड़क भी बाधित
थराली/देवाल, 30 अप्रैल (हरेंद्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल के अंतर्गत घेस घाटी में गुरुवार देर शाम हुई भारी ओलावृष्टि से गेहूं की फसलें और फलों के पौधे बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इसके साथ ही देवाल–कुनारबेंड–घेस मोटर मार्ग भी घेस के समीप जंनगोल नामक स्थान पर मलबा आने से यातायात के लिए बाधित हो गया है।
गुरुवार शाम घेस घाटी के घेस, हिमनी, बलाड़ और पिनाऊ गांवों में तेज ओलावृष्टि हुई, जिससे खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा कटकी सहित अन्य जड़ी-बूटियों और फलों के पौधों को भी क्षति हुई है। इस अचानक आई प्राकृतिक आपदा से किसानों में मायूसी छा गई है।
वहीं, ओलावृष्टि के साथ हुई तेज बारिश के कारण कुनारबेंड–घेस मोटर मार्ग के जंनगोल स्लाइड जोन में मलबा आ जाने से सड़क बंद हो गई है। ग्रामीण अपने स्तर पर मार्ग को खोलने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
