क्षेत्रीय समाचारराजनीति

यूकेडी का संगठन मजबूती पर जोर, युवाओं ने थामा पार्टी का दामन

 

गौचर, 5 मई (गुसाईं)। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की एक महत्वपूर्ण बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया गया। बैठक के दौरान सैकड़ों युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

केंद्रीय युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष आशीष नेगी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में वरिष्ठ नेता डॉ. मदन मोहन नवानी ने अपने विचार रखते हुए कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हक, स्वाभिमान और जल-जंगल-जमीन के मुद्दों पर युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है।

बैठक में क्षेत्र के कई युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान अनेक युवाओं ने यूकेडी की सदस्यता ग्रहण करते हुए पहाड़ के अधिकारों की लड़ाई में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

बैठक में संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही भविष्य में गौचर में एक बड़े सदस्यता अभियान चलाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि राज्य की मूल समस्याएं—पलायन, बेरोजगारी, संसाधनों का दोहन और पहाड़ी क्षेत्रों की उपेक्षा—को लेकर युवाओं में तेजी से जागरूकता बढ़ रही है। रसोई गैस, पानी और बिजली के बढ़ते बिलों जैसे मुद्दे भी आम जनता को प्रभावित कर रहे हैं, जिससे लोग अपने अधिकारों—जल, जंगल और जमीन—के प्रति सजग हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बढ़ता जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि राज्य का युवा अब अपने भविष्य को लेकर जागरूक, संगठित और संघर्ष के लिए तैयार है। संगठन का उद्देश्य उत्तराखंड की अस्मिता, संस्कृति और संसाधनों की रक्षा करते हुए एक सशक्त और आत्मनिर्भर पहाड़ का निर्माण करना है।

अंत में नव-समर्थकों का स्वागत करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!