नरेंद्रनगर महाविद्यालय में पर्यटन विभागीय परिषद का गठन, विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

नरेंद्रनगर, 7 मई। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर में पर्यटन अध्ययन विभाग की विभागीय परिषद के तत्वावधान में सामान्य ज्ञान, भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभागीय परिषद का गठन भी किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से चतुर्थ सेमेस्टर के रोहित सिंह को अध्यक्ष तथा आफिया अहमद को सचिव चुना गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व सैनिक सूबेदार हरपाल सिंह भंडारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यटन आधारित गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन की बारीकियों को आत्मसात करते हुए युवाओं में स्वावलंबन की भावना विकसित होना जरूरी है।
विशिष्ट अतिथि एवं ब्लू हेवन कैंप शिवपुरी के संचालक रामपाल भंडारी ने कहा कि पर्यटन, पर्यावरण और साहसिक खेलों के बीच सुदृढ़ सामंजस्य स्थापित कर पर्यटन उद्योग को रोजगार सृजन का मजबूत माध्यम बनाया जा सकता है। इसके लिए युवाओं में सृजनात्मक सोच और नवाचार आवश्यक हैं।
महाविद्यालय के पर्यटन विभागाध्यक्ष डॉ. संजय महर ने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में रोमांच, रहस्य और रोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं में कौशल विकास और क्षमता संवर्धन समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर यात्रा सहायक शिशुपाल रावत ने कहा कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले फील्ड विजिट कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को पर्यटन की व्यवहारिक जानकारी से परिचित कराया जाता है। कार्यक्रम में अजय पुंडीर, शुभम, मिताजंलि, अमन, रोहित सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में अमन सजवान ने प्रथम, शुभम घिमिरे ने द्वितीय तथा आफिया अहमद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में शुभम घिमिरे प्रथम, अमन सजवान द्वितीय तथा धीरेंद्र नेगी तृतीय स्थान पर रहे। वहीं पर्यटन आधारित पोस्टर प्रतियोगिता में आफिया अहमद ने प्रथम, शुभम घिमिरे ने द्वितीय तथा सूरज रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के द्वितीय दिवस में रॉक क्लाइंबिंग, ट्रैकिंग, योग एवं राफ्टिंग गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही शिवपुरी से नीम बीच तक राफ्टिंग कैंप एवं कार्यशाला आयोजित कर समापन सत्र संपन्न होगा।
