क्षेत्रीय समाचारशिक्षा/साहित्य

स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में समाजशास्त्र विभागीय परिषद द्वारा कार्यक्रम आयोजित

 

पोखरी, 12 मई (राणा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में मंगलवार को समाजशास्त्र विभागीय परिषद की ओर से विभिन्न शैक्षणिक एवं बौद्धिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए क्विज एवं भाषण प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रीटा शर्मा ने पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या प्रो. रीटा शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए तथा उन्हें प्राप्त करने के लिए अनुशासित और सतत प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तकनीक और प्रतिस्पर्धा का दौर है, ऐसे में विद्यार्थियों को कौशल, तार्किक सोच और नैतिक मूल्यों को विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
वरिष्ठ प्राध्यापक संजीव कुमार जुयाल ने कहा कि छात्र जीवन अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण समय होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का व्यवहार, भाषा और आचरण ऐसा होना चाहिए जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाए। उन्होंने कहा कि छात्र ही देश का भविष्य हैं और एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण जागरूक एवं अनुशासित विद्यार्थियों से ही संभव है।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित क्विज प्रतियोगिता में निकिता, बीए चतुर्थ सेमेस्टर ने प्रथम, अंजली, बीए द्वितीय सेमेस्टर ने द्वितीय तथा महक, बीए द्वितीय सेमेस्टर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में अनुभूति, बीए द्वितीय सेमेस्टर ने प्रथम, निकिता, बीए चतुर्थ सेमेस्टर ने द्वितीय तथा प्रिया, बीए चतुर्थ सेमेस्टर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. रेनू सनवाल एवं डॉ. अनुपम रावत शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आरती रावत ने किया। इस अवसर पर समाजशास्त्र विभाग के छात्र-छात्राओं सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!