माणा गांव में चला व्यापक स्वच्छता अभियान, भारी मात्रा में कचरा एकत्रित किया
ग्रामीणों, एससीडीएफ, पुलिस ने संयुक्त रूप से चलाया अभियान
गोपेश्वर, 12 मई (महिपाल गुसाईं) चारधाम यात्रा पूरे चरम पर होने से श्री बद्रीनाथ धाम में भी इन दिनों आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ है। इसके साथ ही देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु और पर्यटक प्रतिदिन भारत के प्रथम गाँव ‘माणा’ की ऐतिहासिक सुंदरता को निहारने पहुँच रहे हैं। इस बीच विशेष रूप से माणा गाँव में स्थित पौराणिक भीम पुल को देखने के लिए पर्यटकों का भारी हुजूम उमड़ रहा है।
यात्रा सीजन की व्यस्तता और पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण भीम पुल के आस-पास की ढलानों और सरस्वती नदी के तटीय क्षेत्रों में प्लास्टिक की बोतलों, खाद्य सामग्रियों के रैपर्स और अन्य कचरे की मात्रा बेतहाशा बढ़ गई।
इस समस्या निपटने के लिए आज नागरिक पुलिस, एसडीआरएफ और माणा गाँव के स्थानीय ग्रामीणों ने एस साथ मोर्चा संभालते हुए भीम पुल के नीचे और आस-पास के दुर्गम क्षेत्रों में एक व्यापक स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने अपनी विशेष ट्रेनिंग और उपकरणों की मदद से गहरी खाई और नदी के निकटवर्ती कठिन रास्तों पर उतरकर सफाई की, जहाँ आम लोगों का पहुँचना मुश्किल होता है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी कंधे से कंधा मिलाकर अपनी माटी को स्वच्छ बनाने में पूरा सहयोग दिया। इस दौरान क्षेत्र से भारी मात्रा में कूड़ा एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया गया।
इस अभियान के जरिए श्री बद्रीनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि देवभूमि की यात्रा केवल दर्शन तक सीमित न रखें, बल्कि यहाँ की स्वच्छता एवं पवित्रता को भी बनाए रखें। पुलिस एवं स्थानीय लोगों ने पर्यटकों से आग्रह किया है कि वे पावन धाम की गरिमा का सम्मान करें और कूड़ा कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें।
