Front Pageमौसम

उत्तराखंड के मैदानी जिलों में 20 से 22 मई के बीच भीषण गर्मी का अलर्ट

By-Usha Rawat-
देहरादून, 18 मई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी नवीनतम बुलेटिन के अनुसार उत्तराखंड में आगामी 2 से 3 दिनों के दौरान तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना है। विशेष रूप से हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और देहरादून जिलों में गर्मी का प्रभाव तेज हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में औपचारिक हीटवेव की स्थिति घोषित नहीं की गई है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है और अगले कुछ दिनों में इसमें 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है।

पिछले 24 घंटों में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रुड़की (हरिद्वार) में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रानीचौरी (टिहरी गढ़वाल) में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 मई से हरिद्वार जिले में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है। 20 से 22 मई के बीच हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में पारा 40 डिग्री से अधिक रहने की संभावना जताई गई है। वहीं देहरादून, नैनीताल और पौड़ी जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 

टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चम्पावत तथा निचले पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पर्वतीय जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना रहेगा, हालांकि दिन के समय गर्मी का असर महसूस किया जा सकता है। 

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने तथा धूप में निकलते समय सिर ढकने की सलाह भी जारी की गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान का असर बिजली और पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ सकता है। ऐसे में प्रशासनिक एजेंसियों को भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तापमान की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!