आपदा/दुर्घटना

भारी बारिश से नंदा देवी राजजात मार्ग समेत कई सड़कें बाधित, सात घंटे बाद यातायात बहाल

 

थराली, 2 जुलाई (हरेन्द्र बिष्ट)। बुधवार-गुरुवार की देर रात हुई भारी बारिश के कारण श्री नंदा देवी राजजात यात्रा मार्ग (राजमार्ग संख्या-90) पर थराली-देवाल-वांण मार्ग के किलोमीटर 2 और 3 पर भारी मात्रा में मलबा एवं बोल्डर आने से यातायात करीब सात घंटे तक बाधित रहा। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के थराली डिवीजन के अंतर्गत कई अन्य मोटर मार्ग भी भूस्खलन और मलबा आने से अवरुद्ध हो गए।
लोक निर्माण विभाग, थराली के सहायक अभियंता जे.के. टम्टा ने बताया कि देर रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते राजमार्ग संख्या-90 के किलोमीटर 2 पर न्यायालय के समीप तथा किलोमीटर 3 पर वन विभाग के डाक बंगले के पास भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गए थे। विभाग ने तत्काल मशीनें लगाकर राहत कार्य शुरू किया और गुरुवार सुबह करीब 9 बजे मार्ग को यातायात के लिए सुचारु कर दिया।
उन्होंने बताया कि थराली-कुराड़-पार्था तथा थराली-जूनीधार मोटर मार्ग भी कई स्थानों पर मलबा, बोल्डर और पेड़ गिरने से बाधित हो गए थे। इन मार्गों को भी मशीनों की सहायता से साफ कर यातायात बहाल कर दिया गया है।
वहीं देवाल-सुयालकोट-खेता मोटर मार्ग पर सुयालकोट स्लाइड जोन में भारी मलबा आने से मार्ग अभी भी अवरुद्ध है। इसे खोलने के लिए मशीनें लगाई गई हैं और कार्य जारी है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, थराली डिवीजन के अंतर्गत अन्य कई सड़कों पर भी मलबा आने से सामान्य यातायात प्रभावित हुआ है। विभाग लगातार मार्गों को सुचारु बनाने में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!