धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

श्रावण मास में पुष्केश्वर शिवालय में होगी शिव महापुराण कथा, तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

पोखरी, 5 जुलाई (राणा)। श्रावण मास के पावन अवसर पर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और आपसी सौहार्द की कामना के लिए विकासखंड मुख्यालय पोखरी स्थित पुष्केश्वर शिवालय में शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी के सौजन्य से आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में रविवार को व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और जनसहभागिता पर विस्तार से चर्चा की गई। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने कहा कि श्रावण मास में आयोजित होने वाली शिव महापुराण कथा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रवासियों के सहयोग और सहभागिता से इस आयोजन को भव्य एवं सफल बनाया जाएगा। उन्होंने लोगों से कथा में बढ़-चढ़कर सहयोग करने तथा अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
व्यापार संघ अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि पुष्केश्वर महादेव मंदिर में होने वाले इस धार्मिक आयोजन के सफल संचालन में व्यापारी वर्ग पूर्ण सहयोग देगा। उन्होंने कहा कि यह पूरे क्षेत्र का सामूहिक धार्मिक आयोजन है, इसलिए सभी को आपसी भाईचारे और सौहार्द की भावना के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारी तन, मन और धन से इस आयोजन में सहभागी बनेंगे।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि शिव महापुराण कथा का आयोजन पूरी श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक मर्यादा के अनुरूप संपन्न कराया जाएगा। साथ ही इस बात पर भी जोर दिया गया कि आयोजन को किसी भी प्रकार की राजनीति से दूर रखते हुए केवल धार्मिक एवं सामाजिक उद्देश्यों को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में व्यापार संघ अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह राणा, सभासद गिरीश किमोठी, व्यापार संघ उपाध्यक्ष प्रदीप पुरोहित, महिंदर पंत, मंगल सिंह नेगी, कुंवर सिंह चौधरी, कुंवर सिंह खत्री, राजेन्द्र त्रिपाठी, हर्षवर्धन चौहान, विजय सिंह रावत, रमेश चौधरी, विष्णु प्रसाद चमोला, संतोष चौधरी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!