क्षेत्रीय समाचार

लोहाजंग में आयोजित बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर में 40 शिकायतों में से 26 का मौके पर हुआ निस्तारण

भूमि सुधार, सड़क, बिजली, पानी और पीएम आवास योजना की शिकायतें प्रमुखता से उठीं

थराली, 11 जुलाई (हरेन्द्र बिष्ट)। राज्य सरकार के सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत विकासखंड देवाल के अंतर्गत मुन्दोली न्याय पंचायत के लोहाजंग स्थित जिला पंचायत विश्राम गृह में बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 40 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 26 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
शिविर का शुभारंभ थराली विधायक भूपाल राम टम्टा तथा बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी थराली यशवीर सिंह रावत ने की।
मुख्य अतिथि विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में ऐसे शिविर आयोजित करने का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का उनके क्षेत्र में ही समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ-साथ उनका लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में भाग लेकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा थराली विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की भी जानकारी दी।
बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन की छोटी-छोटी समस्याओं का उनके गांव और क्षेत्र में जाकर समाधान करना है, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अनियमितताओं की जांच कर पुनः सर्वे कराने, जर्जर सड़कों के सुधारीकरण, भूस्खलन, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से उठाई गईं। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अधिकांश शिकायतों पर मौके पर ही कार्रवाई करते हुए समाधान किया तथा शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विधायक ने पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट का भी वितरण किया।
शिविर में ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, कनिष्ठ प्रमुख पिंकी देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश गड़िया, आपदा प्रकोष्ठ के सहसंयोजक किशन गड़िया, गणेश मिश्रा, गंगा सिंह सुयाल, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि महावीर बिष्ट, गौरव खत्री, लाटूधाम समिति के अध्यक्ष कृष्णा बिष्ट, कुंवर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा, सहायक अभियंता महेश जोशी, ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता शैलेन्द्र बिष्ट, एसडीओ अतुल कुमार, सिंचाई विभाग के प्रभारी अधिशासी अभियंता शिकंदर कुमार, तहसीलदार अक्षय पंकज, बीडीओ जयदीप बेलवाल, कृषि विभाग की प्राची बिष्ट, बीईओ योगेश सेमवाल, जल संस्थान के सहायक अभियंता धर्मराज मौर्य, जल निगम के हरीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रम, सैनिक कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, बाल विकास, वन विभाग, आपदा प्रबंधन तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!