रिया थापा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सेवला कलां चौक पर हस्ताक्षर अभियान
देहरादून, 11 जुलाई। कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया के नेतृत्व में शनिवार को सेवला कलां चौक (जीएमएस रोड) पर रिया कुमारी थापा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपना समर्थन दर्ज कराया।
वैभव वालिया ने कहा कि रिया थापा को न्याय मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज की प्रत्येक बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है और किसी भी पीड़ित परिवार को न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने लोगों से इस जन अभियान से जुड़कर इसे और मजबूत बनाने की अपील की।
हस्ताक्षर अभियान के दौरान उपस्थित लोगों ने रिया थापा को शीघ्र न्याय दिलाने तथा मामले के दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
अभियान का आयोजन कांग्रेस महानगर उपाध्यक्ष अमन सिंह ने किया। इस दौरान रिया कुमारी थापा के पिता राजेश मल्ल तथा परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। रिया की तस्वीर के सामने परिवार द्वारा न्याय की अपील का भावुक दृश्य उपस्थित लोगों को भावुक कर गया। लोगों ने एक स्वर में शीघ्र न्याय और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने 17 जुलाई को प्रस्तावित कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम का समर्थन करते हुए उनसे रिया कुमारी थापा तथा विभिन्न पेपर लीक मामलों से प्रभावित युवाओं के पक्ष में आवाज उठाने का आग्रह भी किया।
कार्यक्रम में राजेश मल्ल, अमन सिंह, सारिका प्रधान, हरेंद्र गुसाईं, सोनिया सिंह, सी.पी. सिंह, सुमित्तर भुल्लर, विकास नेगी, शहजाद अंसारी, मोहम्मद वसीम, नानक चंद, डिम्पल, राव नसीम, मोहित उपाध्याय, आयुष सेमवाल, पीयूष गौड़, हेमंत उप्रेती, मोहन काला, दीपक मनवाल, हरजोत, मंकला थापा सहित अनेक स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
