ग्वालदम में फिर शुरू हुआ संडे मार्केट, महिलाओं ने बेचे जैविक उत्पाद

थराली, 12 जुलाई (हरेन्द्र बिष्ट)। गढ़वाल और कुमाऊं की मध्यस्थली एवं पर्यटन नगरी ग्वालदम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के सहयोग से एक बार फिर संडे मार्केट (रविवार बाजार) का संचालन शुरू हो गया है। बाजार में ग्वालदम एवं आसपास के क्षेत्रों की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपने जैविक एवं स्थानीय उत्पादों की बिक्री कर आय अर्जित की।
विकासखंड थराली के अंतर्गत आयोजित इस संडे मार्केट में महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार विभिन्न स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए। यह पहल ग्रामीण महिलाओं की आजीविका सुदृढ़ करने और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इस अनूठी पहल की शुरुआत पूर्व खंड विकास अधिकारी मोहन जोशी के कार्यकाल में ग्वालदम सहित कई अन्य स्थानों पर की गई थी। हालांकि, बाद में विभिन्न कारणों से इसका संचालन बंद हो गया था। वर्तमान खंड विकास अधिकारी नितिन धानिया ने इसकी उपयोगिता को देखते हुए बाजार का पुनः संचालन शुरू कराया है।
प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस बाजार से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने शुद्ध, जैविक एवं स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया। कार्यक्रम में विकासखंड की टीम ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी रजनीश कांडपाल, ब्लॉक मिशन प्रबंधक गंभीर नेगी, एरिया कोऑर्डिनेटर पंकज पुरोहित, प्रशासनिक सहायक नवीन शाह, बैंक सखी दीपा देवी, दीक्षा रावत, पशु सखी नीमा देवी तथा बधागढ़ी स्वायत्त सहकारिता से जुड़े स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने सक्रिय सहयोग किया।
“प्रशासन आपके साथ कदम से कदम मिलाकर खड़ा है” अभियान के तहत आयोजित इस पहल के संबंध में ग्राम विकास अधिकारी रजनीश कांडपाल ने बताया कि ग्रामीण उत्पादों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संडे मार्केट का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में इस बाजार का विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को इसका लाभ मिल सके और खरीदारों की संख्या भी बढ़े। उन्होंने बताया कि एनआरएलएम इस पहल को निरंतर सहयोग प्रदान करता रहेगा। बाजार के प्रति महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
