बिजनेस/रोजगारसुरक्षा

भारतीय सेना भर्ती 2027: सीईई परिणाम घोषित, 25 जुलाई से होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा

 

देहरादून, 12 जुलाई। भारतीय सेना भर्ती वर्ष 2027 के तहत आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) का परिणाम घोषित कर दिया गया है। सेना भर्ती कार्यालय, अल्मोड़ा ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों से अपना परिणाम भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर देखने की अपील की है।
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों के केंद्रीय (रिलिजियस टीचर, जेसीओ कैटरिंग, एनसीसी स्पेशल एंट्री) तथा जोनल श्रेणी (सिपाही फार्मा) के सफल अभ्यर्थियों के साथ ही उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों के अग्निवीर श्रेणी के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल फिटनेस टेस्ट) 25 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच भी होगी।
भर्ती कार्यालय ने बताया कि पहले दिन केंद्रीय और जोनल श्रेणी के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी, जबकि शेष दिनों में अग्निवीर श्रेणी के अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण-पत्रों के साथ उनकी तीन-तीन प्रतियां और 20 पासपोर्ट आकार के नवीनतम फोटो लेकर निर्धारित स्थल पर पहुंचना होगा।
भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर, शैक्षिक प्रमाण-पत्र एवं अंकतालिका, जाति प्रमाण-पत्र, स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, अविवाहित प्रमाण-पत्र, चरित्र प्रमाण-पत्र तथा एक वर्ष के भीतर का ऑनलाइन पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। ओबीसी (एनसीएल) श्रेणी के अभ्यर्थियों के जाति प्रमाण-पत्र में स्पष्ट रूप से ‘ओबीसी-एनसीएल’ अंकित होना चाहिए।
सेना भर्ती कार्यालय ने चेतावनी दी है कि फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने वाले अभ्यर्थियों के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों को भर्ती संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने और शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी बेहतर ढंग से करने की सलाह दी गई है।
भर्ती संबंधी जानकारी के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, अल्मोड़ा के मोबाइल 9458168520 तथा हेल्पलाइन 05962-297192 और 05962-298449 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!