राजनीति

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस का आरोप, परेड ग्राउंड की अनुमति में अड़ंगा डालने का दावा

देहरादून, 14 जुलाई। उत्तराखंड कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को बाधित करने का प्रयास कर रही है। पार्टी का कहना है कि 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं, इसके बावजूद प्रशासन अनुमति देने में आनाकानी कर रहा है।
कांग्रेस के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 10 जुलाई को नगर निगम के निर्देशानुसार परेड ग्राउंड को 15 से 17 जुलाई तक के लिए आरक्षित कराया था। इसके लिए निर्धारित शुल्क 1.77 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से जमा किया गया और इसकी रसीद भी पार्टी के पास उपलब्ध है।
पार्टी नेताओं का दावा है कि कार्यक्रम के लिए पूर्व में विधिवत अनुमति भी मिल चुकी है, लेकिन अब प्रशासन की ओर से केवल मौखिक रूप से कार्यक्रम स्थल बदलने की बात कही जा रही है। कांग्रेस का कहना है कि इस संबंध में अब तक कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि जिस स्थान के लिए अनुमति प्रदान की गई है, कार्यक्रम उसी स्थल पर आयोजित किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि 15, 16 और 17 जुलाई के लिए स्वीकृति पहले से प्राप्त है और जब तक कोई लिखित निर्देश जारी नहीं किया जाता, कार्यक्रम पूर्व निर्धारित स्थान पर ही होगा।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई हुई है और इसी कारण उनके कार्यक्रम में व्यवधान डालने की कोशिश की जा रही है। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि यदि निर्धारित अवधि में परेड ग्राउंड उपलब्ध नहीं कराया गया तो इसे प्रशासन की तानाशाही माना जाएगा।
इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मंगलवार रात 11 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, राजीव भवन पहुंचने का आह्वान किया है। इसके बाद सभी कार्यकर्ता परेड ग्राउंड जाकर कार्यक्रम के लिए पंडाल निर्माण और अन्य तैयारियों में सहयोग करेंगे।
हालांकि, इस संबंध में प्रशासन या राज्य सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!