क्षेत्रीय समाचार

पोखरी की 73 ग्राम पंचायतों में कल होगा उप प्रधान चुनाव, तैयारियां पूरी

 


पोखरी, 14 जुलाई (राणा)। विकासखंड पोखरी की 73 ग्राम पंचायतों में 15 जुलाई को होने वाले उप प्रधान चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण देने के साथ ही आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी ने बताया कि मंगलवार को ब्लॉक सभागार में चुनाव ड्यूटी में तैनात मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में एडीओ पंचायत अंकित भट्ट, एडीओ सहकारिता संजय रावत तथा ग्राम विकास अधिकारी राजेश सजवाण ने मतदान से लेकर मतगणना तक की संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मतदान दलों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई को प्रातः 10 से 11 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके बाद 11 से 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 12 से 12:30 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी तथा 12:30 से 1 बजे तक चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। मतदान दोपहर 1:30 से 3:30 बजे तक होगा, जबकि शाम 4 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी।
खंड विकास अधिकारी ने बताया कि अब तक उप प्रधान चुनाव के लिए 91 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई को प्रातः 9 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों में नियुक्त निर्वाचन अधिकारियों से नामांकन पत्र खरीद सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!