पर्यावरण

हरेला पर वन विभाग का व्यापक पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

 

पोखरी, 16 जुलाई (राणा)। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर गुरुवार को पूरे विकासखंड में उत्साह और श्रद्धा के साथ पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग की पोखरी रेंज तथा केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की नागनाथ रेंज के संयुक्त तत्वावधान में गैरकटाह तोक एवं नागनाथ रेंज के आरक्षित वन क्षेत्र में बांज, भमोर, पदम, देवदार, माटे सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।


विशिष्ट अतिथि एवं जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि पौधे मानव जीवन का आधार हैं। ये शुद्ध वायु, हरियाली और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्य वन्यजीव संरक्षण आयोग के सदस्य डॉ. मातबर सिंह रावत ने कहा कि वन हमें जलाऊ लकड़ी, पशुओं के लिए चारा तथा अनेक प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध कराते हैं। इसलिए वनों का संरक्षण हम सभी का दायित्व है।
अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग, पोखरी के वन क्षेत्राधिकारी बी.एल. शाह ने कहा कि हरेला हरियाली और प्रकृति के नवजीवन का संदेश देने वाला पर्व है। इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाकर व्यापक स्तर पर पौधरोपण करना समय की आवश्यकता है। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग, नागनाथ के वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं ने कहा कि पेड़ कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि प्रकृति स्वस्थ रहेगी तो मानव जीवन भी सुरक्षित और स्वस्थ रहेगा।
इस अवसर पर लोक जागृति संस्था, कर्णप्रयाग के लोकगायक जितेंद्र कुमार ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर लोगों को पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ज्येष्ठ प्रमुख ऊषा कंडारी, विनगढ़ की प्रधान ममता चौहान, पूर्व प्रधान हर्षवर्धन चौहान, वन पंचायत सरपंच संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष माला कंडारी, सेवा इंटरनेशनल की महिला कार्यकर्ता, महिला मंगल दलों की सदस्याएं, वन दरोगा प्रकाश कंडारी एवं राजे सिंह नेगी, वन आरक्षी अमित भंडारी, अमित मैठाणी, दिनेश राणा, हरीश चौहान, मनीष राणा, देवेंद्र राणा, आशीष उनियाल, हेमंत कुमार, विशाल, वन पंचायत सरपंच महिपाल रावत, यशवंत भंडारी, विशम्बर मदवाल, दिनेश पंत, नरेंद्र भंडारी, सुशीला देवी, देवकी देवी, शशि देवी, सरोजनी देवी, सेवा इंटरनेशनल की लता बर्तवाल, भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री रजना रावत सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!