क्षेत्रीय समाचार

पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने किया गांवों का भ्रमण, शिव महापुराण में सहभागिता का आह्वान

 

पोखरी, 18 जुलाई। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह भंडारी ने शनिवार को मयाणी, विशाल और देवस्थान गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने आगामी 31 जुलाई से 6 अगस्त तक पुश्केश्वर शिवालय में आयोजित होने वाले शिव महापुराण में अधिकाधिक सहयोग और सहभागिता का आह्वान भी किया। ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, सड़क तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। भंडारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है। जनसहयोग से क्षेत्र के विकास, जनसेवा और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
ग्रामीणों ने भी क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव दिए तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान पर सकारात्मक चर्चा की।
इस अवसर पर भंडारी ने सभी ग्रामीणों से तहसील मुख्यालय पोखरी स्थित सीएचसी के समीप पुश्केश्वर शिवालय में 31 जुलाई से 6 अगस्त तक आयोजित होने वाले शिव महापुराण में बढ़-चढ़कर सहयोग और सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता और जनसहभागिता का प्रतीक बनेगा।
उल्लेखनीय है कि पुश्केश्वर शिवालय में आयोजित होने वाला यह शिव महापुराण पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, मंदिर समिति तथा व्यापार मंडल के संयुक्त सौजन्य से आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर राघवानंद डगवाल, राम प्रसाद सती, माला कंडारी, प्रवल रावत, जिला सहकारी बैंक के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह नेगी, नगर पंचायत पार्षद कुसुम कंडारी, जितेंद्र कुमार, गिरीश किमोठी, राज्य महिला आयोग की सदस्य वत्सला सती, के.पी. सती, महेंद्र सिंह भंडारी, ओमप्रकाश चमोला, महिपाल रावत, नरेंद्र सिंह भंडारी, दिनेश पंत, नरेंद्र प्रसाद चमोला, आदित्यराम त्रिपाठी, शांति देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!