क्षेत्रीय समाचार

नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा तक स्वीकृत मोटर सड़क का निर्माण शुरू कराने की मांग

 

थराली, 3 अगस्त (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड थराली के अंतर्गत नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा तक स्वीकृत मोटर सड़क का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों के एक शिष्टमंडल ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा को ज्ञापन सौंपा।

नगर पंचायत थराली के सभासद तेजपाल सिंह गुसाईं, अब्बल सिंह गुसाईं तथा केदार पंत के नेतृत्व में पहुंचे शिष्टमंडल ने बताया कि ग्वालदम–सिमली राष्ट्रीय राजमार्ग के धारी तोक से नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा मंदिर तक 2.5 किलोमीटर मोटर मार्ग का निर्माण राज्य योजना के तहत 15 दिसंबर 2021 को स्वीकृत हुआ था। बावजूद इसके, करीब पांच वर्ष बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
ज्ञापन में कहा गया है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क का साइट चयन कर जंबो पिलर भी लगाए जा चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया। इससे क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि मां नंदा देवी की उत्सव डोली वर्ष में छह माह तक देवराड़ा मंदिर में प्रवास करती है। इस दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर तक मोटर सड़क का निर्माण क्षेत्र की धार्मिक आस्था और जनसुविधा की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।
इस पर अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने शिष्टमंडल को स्वीकृत सड़क के निर्माण संबंधी आवश्यक कार्रवाई शीघ्र आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!