पोखरी में आयोजित शिव महापुराण कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
पोखरी, 3 अगस्त (राणा)। पुष्करेश्वर महादेव मंदिर, पोखरी में आयोजित सात दिवसीय श्रीमहाशिवपुराण कथा के चौथे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। क्षेत्र के साथ दूर-दराज़ से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण किया। ब्रजधाम से आईं कथावाचिका कृष्ण प्रिया ने भगवान शिव की लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि शिवभक्ति से अहंकार का नाश और जीवन का कल्याण होता है। उन्होंने श्रावण मास में शिव आराधना का विशेष महत्व बताया। कीर्तन मंडली के भजनों से श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा स्थल पर विभिन्न ग्राम पंचायतों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया।
