अग्निवीर योजना के विरोध में कांग्रेस का जनजागरूकता अभियान गौचर पहुंचा
पूर्व सैनिकों ने थामा कांग्रेस का दामन

गौचर, 3 अगस्त (गुसाईं)। कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग की ओर से अग्निवीर योजना के विरोध में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के गौचर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान आयोजित सभा में कई पूर्व सैनिकों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल रामरतन नेगी के नेतृत्व में रामलीला मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना से विशेष रूप से उत्तराखंड के युवाओं के साथ अन्याय हुआ है तथा इससे देश की सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि पहले युवा देशसेवा की भावना से सेना में भर्ती होते थे और सेवा अवधि पूरी होने के बाद पेंशन एवं अन्य सुविधाओं के साथ सम्मानजनक जीवन व्यतीत करते थे, जबकि अग्निवीर योजना के तहत चार वर्ष बाद बिना पेंशन और अन्य सुविधाओं के युवाओं को घर लौटना पड़ता है। उन्होंने पूर्व सैनिकों और सैनिक विधवाओं से इस योजना के विरोध में एकजुट होने का आह्वान किया।

नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने अग्निवीर योजना को युवाओं के लिए नुकसानदायक बताते हुए कहा कि युवाओं को आगामी चुनावों में इस मुद्दे पर अपनी राय स्पष्ट करनी चाहिए। रानीगढ़ गौरव सैनिक संगठन के अध्यक्ष वीरपाल नेगी ने कहा कि जो लोग अग्निवीर योजना का समर्थन कर रहे हैं, उन्हें पहले अपनी पेंशन छोड़नी चाहिए।
पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने आरोप लगाया कि अग्निवीर योजना उत्तराखंड के युवाओं के साथ छल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर इस योजना को समाप्त कर पूर्व की तरह नियमित सेना भर्ती व्यवस्था बहाल की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को इस योजना की जानकारी देने का आह्वान किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी ने कहा कि अग्निवीर योजना सरकार का छिपा हुआ एजेंडा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना से गढ़वाल और कुमाऊं रेजीमेंट जैसी गौरवशाली सैन्य परंपराओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से इस योजना का विरोध किया जाना चाहिए।
सभा के दौरान हरीश बहुगुणा, रणजीत चौधरी और रमेश कोहली सहित कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। उनका स्वागत कर्नल रामरतन नेगी, सुरेश डिमरी, मुकेश नेगी तथा अन्य नेताओं ने पार्टी का पटका और पुष्पमालाएं पहनाकर किया।
कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस नगर अध्यक्ष जगदीश कनवासी ने किया। इस अवसर पर पूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष बचन सिंह नेगी, प्रदेश सचिव गोपाल सिंह गढ़िया, प्रदेश महामंत्री हरिकृष्ण भट्ट, महेश खंडूड़ी, सुभाष रावत, ईश्वरी मैखुरी, अजय किशोर भंडारी, देवेंद्र भंडारी, गौतम मिंगवाल, जीत सिंह बिष्ट, ओमप्रकाश मिश्रा, प्रताप सिंह खत्री, रविंद्र बर्तवाल, पुष्कर रावत, लक्ष्मण बिष्ट, रामदयाल, मंजू खत्री, अंसी देवी, लीला देवी, पूनम रावत, संगीता बिष्ट, उपासना बिष्ट, देवेश्वरी सिदोला सहित अनेक कार्यकर्ता और पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
