Front Page

उत्तराखंड में ओहो रेडियो 89.2 एफएम की शुरुआत, जनहित के मुद्दों को मिलेगी नई आवाज

देहरादून, 3 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बल्लूपुर, देहरादून में ओहो रेडियो 89.2 एफएम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रेडियो आज भी जनसंवाद, जनजागरूकता और सामाजिक चेतना का अत्यंत प्रभावी एवं विश्वसनीय माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ओहो रेडियो सामाजिक जागरूकता बढ़ाने, सकारात्मक संवाद को प्रोत्साहित करने तथा जनहित से जुड़े विषयों को समाज के विभिन्न वर्गों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेडियो सूचना, शिक्षा और मनोरंजन का ऐसा माध्यम है, जिसकी पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के व्यापक प्रसार में रेडियो की अहम भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न संचार माध्यमों के जरिए उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकभाषाओं, लोककलाओं, लोकसंगीत और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल युग में भी रेडियो की उपयोगिता और विश्वसनीयता बरकरार है। स्थानीय मुद्दों, सकारात्मक समाचारों और जनभागीदारी को बढ़ावा देने में सामुदायिक एवं एफएम रेडियो की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ओहो रेडियो 89.2 एफएम समाज में सकारात्मक सोच, रचनात्मक संवाद और जनहित के संदेशों का प्रभावी मंच बनने के साथ ही उत्तराखंड के विकास और सांस्कृतिक समृद्धि को नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!